बस स्टैंड की बदहाली को लेकर छावनी परिषद को सौंपा ज्ञापन

 


रामगढ़, 03 जुलाई (हि.स.)। भगवान बिरसा मुंडा न्यू बस स्टैंड की मूलभूत सुविधाओं के अभाव और जर्जर होती आधारभूत संरचना को लेकर आजसू मजदूर यूनियन ने आवाज बुलंद की है। यूनियन के अध्यक्ष नीरज मंडल के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार काे छावनी परिषद के अधिशासी अधिकारी विवेक कुमार सिंह से मुलाकात कर पांच सूत्री मांगपत्र सौंपकर जल्द समाधान की मांग की।

प्रतिनिधिमंडल ने बस स्टैंड की व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पांच प्रमुख मांगें रखीं। इसमे बस स्टैंड के प्रवेश और निकास द्वार पर भव्य तोरण द्वार का निर्माण, पूरे परिसर में पेवर ब्लॉक और पीसीसी पथ का निर्माण, यात्रियों के लिए सुलभ शौचालय एवं स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था, बसों के व्यवस्थित संचालन के लिए दिशा-निर्देश एवं बोर्ड की स्थापना, बस स्टैंड में दो सुरक्षा गार्डों की तैनाती शामिल हैं।

यूनियन ने बताया कि न्यू बस स्टैंड से बिजुलिया तालाब रोड तक की पीसीसी सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। जगह-जगह बने गड्ढों के कारण यात्रियों, स्कूली बच्चों, बस और टेंपो चालकों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रतिनिधिमंडल ने यह भी कहा कि खराब सड़क के कारण पूर्व में कई टेंपो दुर्घटनाग्रस्त हो चुके हैं, जिनमें यात्रियों के घायल होने की घटनाएं भी सामने आई हैं। ऐसे में सड़क की तत्काल मरम्मत जनहित और सुरक्षा दोनों की दृष्टि से आवश्यक है।

छावनी परिषद के अधिशासी अधिकारी विवेक कुमार सिंह ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों को गंभीरता से सुना और आश्वस्त किया कि संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक पहल की जाएगी, ताकि बस स्टैंड की व्यवस्था बेहतर हो और आम नागरिकों एवं यात्रियों को सुविधाएं मिल सकें।

ज्ञापन सौंपने वालों में आजसू मजदूर यूनियन के अध्यक्ष नीरज मंडल, कार्यकारी अध्यक्ष रंजीत जाायसवाल, सचिव अमजद हुसैन उर्फ रिंकू खान, उपाध्यक्ष बलराम यादव और कोषाध्यक्ष टिंकल सिंह सहित अन्य मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश