देवेन्द्रनाथ को तिरंगा यात्रा से रोकने के मामले में राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन
रांची, 18 अगस्त (हि.स.)। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर छात्र नेता देवेन्द्रनाथ महतो को तिरंगा यात्रा और ध्वजारोहण में शामिल होने से रोके जाने के मामले पर मंगलवार को एक प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपते हुए घटना की उच्चस्तरीय जांच की मांग की।
इसके साथ ही प्रतिनिधिमंडल ने 10 अगस्त 2026 के लाठीचार्ज की भी निष्पक्ष जांच, देवेन्द्रनाथ महतो की सुरक्षा और चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित करने और जेपीएससी-जेएसएससी आंदोलन की मांगों पर सरकार से ठोस कार्रवाई की मांग की। राज्यपाल से पूरे मामले में हस्तक्षेप कर आवश्यक कार्रवाई का आग्रह किया गया।
प्रतिनिधिमंडल के अनुसार, 15 अगस्त 2026 को स्वास्थ्य खराब होने के बावजूद देवेन्द्रनाथ महतो ने तिरंगा यात्रा में शामिल होने और राष्ट्रीय ध्वज फहराने का प्रयास किया।
आरोप है कि पुलिस प्रशासन ने उन्हें रोकते हुए उनके साथ धक्का-मुक्की और बल प्रयोग किया। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि घटना से संबंधित फोटो और वीडियो भी सार्वजनिक हुए हैं।
ज्ञापन के माध्यम से 15 अगस्त की घटना की जांच के साथ जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मियों की भूमिका तय कर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की गई।
साथ ही सीसीटीवी फुटेज, फोटो और वीडियो सहित सभी साक्ष्यों को सुरक्षित रखने का आग्रह किया गया।
प्रतिनिधिमंडल में रूपेश कुशवाहा, जयराम महतो, मुकेश कुमार, शिवम, रामा अवतार और महावीर साहु शामिल थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar