लोहरदगा में मेगा विधिक सशक्तिकरण शिविर, न्यायमूर्ति ने शिक्षा व पर्यावरण संरक्षण पर दिया जोर

 


लोहरदगा, 02 मई (हि.स.)। लोहरदगा जिले के किस्को प्रखंड में शनिवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) की ओर से मेगा विधिक सशक्तिकरण शिविर सह पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में झारखंड उच्च न्यायालय की न्यायमूर्ति एवं लोहरदगा न्यायमंडल की प्रशासनिक न्यायाधीश अनुभा रावत चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने अपने संबोधन में शिक्षा को सफलता की कुंजी बताते हुए बच्चों से अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि खनन प्रभावित क्षेत्रों में संतुलित विकास आवश्यक है तथा शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

न्यायमूर्ति ने पर्यावरण संरक्षण पर विशेष बल देते हुए कहा कि “एक पेड़ सौ पुत्र के समान होता है” और खनन के बाद अनिवार्य रूप से पौधारोपण किया जाना चाहिए।

उन्होंने जिला उपायुक्त को निर्देश दिया कि बच्चों की शिक्षा, विद्यालयों की सुविधाओं और स्थानीय समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दी जाए। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से संवाद कर जमीन, पेयजल और सड़क से जुड़ी समस्याओं की जानकारी भी ली।

प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश राजकमल मिश्रा ने इस मौके पर कहा कि ऐसे शिविर जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम हैं।

उपायुक्त संदीप कुमार मीना ने सभी विभागों से समन्वय के साथ कार्य करने पर बल देते हुए कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ हर जरूरतमंद तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। वहीं वन प्रमंडल पदाधिकारी अभिषेक कुमार ने पर्यावरण संरक्षण पर जोर देते हुए अधिक से अधिक पौधरोपण करने तथा अवैध कटाई एवं शिकार रोकने की अपील की।

कार्यक्रम में कृषि, जेएसएलपीएस, उद्यान, केवीके, बाल विकास, शिक्षा, पेयजल एवं स्वच्छता, स्वास्थ्य, मनरेगा, बैंकिंग, पशुपालन, मत्स्य और समाज कल्याण विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए, जहां लोगों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई और लाभ भी वितरित किया गया। इस अवसर पर लगभग 30 करोड़ रुपये की परिसंपत्तियों का वितरण किया गया।

इससे पहले कार्यक्रम का उद्घाटन दीप प्रज्वलन के साथ विधिवत रूप से किया गया, जबकि प्रखंड मुख्यालय में अतिथियों को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया तथा पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया।

कार्यक्रम में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश राजकमल मिश्रा, उपायुक्त संदीप कुमार मीना, पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / गोपी कृष्ण कुँवर