प्रकृति संरक्षण हमारी सामूहिक जिम्मेदारी : उपायुक्त

 








बोकारो, 22 अप्रैल (हि.स.)। पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता को जन-आंदोलन बनाने के उद्देश्य से नमामि गंगे के तहत 14 अप्रैल से चल रहा मेगा स्वच्छता अभियान बुधवार को विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर भव्य कार्यक्रम के साथ संपन्न हुआ। इस दौरान जिलेभर में जागरूकता और व्यापक सफाई अभियान चलाया गया।

समापन दिवस पर बोकारो एयरपोर्ट से गरगा पुल तक वाकाथान का आयोजन किया गया, जिसमें उपायुक्त अजय नाथ झा, उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार सहित कई अधिकारी, जनप्रतिनिधि और आम नागरिक शामिल हुए। सभी ने स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए लोगों से सक्रिय भागीदारी की अपील की।

वाकाथान के बाद गरगा नदी तट पर विशेष सफाई अभियान चलाया गया, जहां अधिकारियों, सामाजिक संगठनों और नागरिकों ने श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया। इस दौरान अभियान को सफल बनाने वाले सफाई मित्रों और विभिन्न संस्थाओं को सम्मानित भी किया गया।

माैके पर उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि यह अभियान समाप्त नहीं, बल्कि निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है। उन्होंने कहा कि पृथ्वी ही एकमात्र ऐसा ग्रह है जहां जीवन संभव है, इसलिए इसका संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने जल, जंगल और जमीन की रक्षा का संकल्प लेने की अपील की।

उपायुक्त ने धरती आबा बिरसा मुंडा के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि आदिवासी जीवनशैली प्रकृति के साथ संतुलन बनाकर जीने की प्रेरणा देती है, जिसे हमें अपने जीवन में अपनाना चाहिए।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष जिले में 2 से 3 लाख पौधारोपण का लक्ष्य रखा गया है और बोकारो को प्लास्टिक मुक्त बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे। साथ ही वर्षा जल संचयन को अनिवार्य बनाने पर जोर देते हुए कहा कि हर स्तर पर जल संरक्षण सुनिश्चित किया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई गई।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल कुमार