मोटिया मजदूरों की बैठक में 15 सदस्यीय जिला कमेटी का गठन, 18 मार्च के धरना-प्रदर्शन में भाग लेने का निर्णय

 


रामगढ़, 16 मार्च (हि.स.)। रामगढ़ जिले में ऐक्टू से जुड़े मोटिया मजदूरों की बैठक सोमवार को आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता शिबू गंझू और संचालन मुकेश कुमार महतो ने किया।

बैठक में मजदूरों की समस्याओं, न्यूनतम मजदूरी, सामाजिक सुरक्षा और देश-दुनिया की परिस्थितियों पर चर्चा की गई। इस दौरान मजदूरों ने अपनी विभिन्न समस्याओं को भी विस्तार से रखा।

बैठक में ऐक्टू के जिला सचिव सह राज्य उपाध्यक्ष अमल घोषाल और सरयू बेदिया मुख्य रूप से उपस्थित थे। पतरातु, मांडू, रामगढ़, गोला और चितरपुर क्षेत्र से आए दर्जनों मोटिया मजदूरों की मौजूदगी में 15 सदस्यीय रामगढ़ जिला स्तरीय कमेटी का गठन किया गया।

कमेटी में सर्वसम्मति से शिबू गंझू को अध्यक्ष, मुकेश कुमार महतो को सचिव, सिटन भुइयां को उपाध्यक्ष, कन्हाई भुइयां को सह सचिव और बिजय चंद्र पोद्दार को कोषाध्यक्ष चुना गया।

नवनिर्वाचित अध्यक्ष शिबू गंझू ने कहा कि मोटिया मजदूरों को अब तक निर्धारित न्यूनतम मजदूरी नहीं मिल पा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि झारखंड स्टेट फूड कॉर्पोरेशन के पदाधिकारियों और ठेकेदारों की मनमानी तथा धांधली के कारण मजदूरों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि मजदूरों को अपने अधिकारों के लिए संगठित होकर संघर्ष करना होगा।

वहीं ऐक्टू जिला सचिव अमल घोषाल ने कहा कि वर्तमान समय में मजदूर वर्ग पर लगातार दबाव बढ़ रहा है। कम वेतन, अधिक काम, सुरक्षा की कमी, सामाजिक सुरक्षा और पेंशन योजनाओं में कटौती जैसी समस्याएं गंभीर होती जा रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मजदूरों के यूनियन बनाने के अधिकार को भी कमजोर करने की कोशिश की जा रही है।

बैठक में यह निर्णय लिया गया कि मजदूरों की मांगों को लेकर 18 मार्च को रांची राजभवन के समक्ष आयोजित होने वाले विशाल धरना-प्रदर्शन में रामगढ़ जिले से बड़ी संख्या में मजदूर भाग लेंगे।

बैठक में अमल घोषाल, सरयू बेदिया, शिबू गंझू, मुकेश कुमार महतो, कन्हाई भुइयां, सिटन भुइयां, बिजय चंद्र पोद्दार, सन्नी मुंडा सहित दर्जनों मजदूर मौजूद थे।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश