उतना ही लें थाली में, जो व्यर्थ न जाए नाली में : मुकेश काबरा
-माहेश्वरी सभा की संयुक्त बैठक में सेवा कार्यों और आगामी कार्यक्रमों पर चर्चा
रांची, 27 सितंबर (हि.स.)। श्री माहेश्वरी सभा, रांची की तीनों इकाइयों की संयुक्त बैठक रविवार को माहेश्वरी भवन में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता सभा के अध्यक्ष मुकेश काबरा ने की। इस दौरान सभा की ओर से संचालित विभिन्न सेवा योजनाओं, सामाजिक जागरूकता कार्यक्रमों और आगामी आयोजनों की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
मुकेश काबरा ने कहा कि समाज की ओर से संचालित सेवा और सामाजिक जागरूकता के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने विवाह समेत अन्य सामाजिक आयोजनों में भोजन की बर्बादी रोकने पर जोर देते हुए ‘उतना ही लें थाली में, जो व्यर्थ न जाए नाली में’ अभियान चलाने की बात कही। उन्होंने कहा कि भोजन की बर्बादी रोकना केवल संसाधनों की बचत नहीं, बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी भी है।
बैठक में माहेश्वरी भवन के सामने संचालित अन्नपूर्णा सेवा तथा लक्ष्मी नारायण मंदिर परिसर में चल रहे एक्यूप्रेशर सेवा केंद्र और जेनेरिक दवाखाना को और प्रभावी बनाने पर विशेष चर्चा हुई। संबंधित उपसमितियों को इन सेवा कार्यों का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए आवश्यक कार्ययोजना तैयार करने की जिम्मेदारी दी गई।
बैठक में जन्माष्टमी, भगवान की छठी, स्वर्ण भूमि में भजन जैमिंग और बाल कांवड़ यात्रा सहित पूर्व में आयोजित कार्यक्रमों की समीक्षा भी की गई। मीडिया प्रभारी रोहित शारदा, गिरिजा शंकर पेड़ीवाल और रश्मि मालपानी ने बताया कि आगामी कार्यक्रमों को अधिक व्यवस्थित और व्यापक स्तर पर आयोजित करने को लेकर भी विचार-विमर्श हुआ।
बैठक में 17 दिसंबर 2026 को प्रस्तावित गौ रक्षा अभियान में माहेश्वरी समाज की भूमिका को लेकर हस्ताक्षर अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। वहीं, 20 अक्टूबर 2026 को लक्ष्मी नारायण मंदिर में शस्त्र पूजन का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए अशोक साबू को संयोजक बनाया गया है।
इस अवसर पर झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स के चुनाव में विजयी समाज के राम बांगड़ और राहुल साबू को सम्मानित किया गया। बैठक का संचालन सचिव मनोज कल्याणी ने किया, जबकि कोषाध्यक्ष मनोज काबरा ने आय-व्यय का विवरण प्रस्तुत किया। बैठक में सभा के करीब 55 सदस्य और पदाधिकारी मौजूद रहे।-------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar