चिकित्सक समाज को स्वास्थ और सुरक्षित रखने में निभाते हैं भूमिका : सीएस

 


रांची, 01 जुलाई (हि.स.)। राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर बुधवार को सिविल सर्जन कार्यालय सभागार में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में जिले के चिकित्सकों को समाज के स्वास्थ्य संरक्षण में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। समारोह में चिकित्सकों की सेवा, समर्पण और मानवता के प्रति उनके योगदान की सराहना की गई। इस अवसर पर सिविल सर्जन (सीएस) डॉ प्रभात कुमार ने कहा कि प्रत्येक वर्ष एक जुलाई को महान चिकित्सक और प्रख्यात शिक्षाविद् डॉ विधान चंद्र रॉय की जयंती और पुण्यतिथि के अवसर पर राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस मनाया जाता है।

उन्होंने कहा कि चिकित्सक केवल रोगों का उपचार ही नहीं करते, बल्कि समाज को स्वस्थ और सुरक्षित रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। आपदा, महामारी और स्वास्थ्य आपातकाल के दौरान चिकित्सकों की सेवाएं प्रेरणादायी रही हैं। उन्होंने सभी चिकित्सकों से मरीजों के प्रति संवेदनशीलता, सेवा भावना और नैतिक मूल्यों के साथ गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का आह्वान किया।

सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ बिमलेश सिंह ने चिकित्सकों के योगदान की सराहना करते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम के अंत में जिला कार्यक्रम प्रबंधक प्रवीण सिंह ने सभी चिकित्सकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

मौके पर डीआरसीएचओ डॉ असीम कुमार माझी, डीटीओ डॉ एसके बास्की, डीएमओ डॉ एसके साबरी, डॉ एवीके बखला सहित जिले के चिकित्सक स्वास्थ्यकर्मी मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar