करंट लगने से मिस्त्री की मौत

 


दुमका, 30 अगस्त (हि.स.)। जिला के हंसडीहा थाना क्षेत्र के ओढ़तारा गांव में बिजली मरम्मत कार्य के दौरान करंट लगने से निजी बिजली मिस्त्री सिकंदर लायक की मौत हो गई।

मृतक की पहचान खूहटन गांव निवासी सिकंदर लायक के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जानकारी के अनुसार, रविवार को गांव में बिजली संबंधी खराबी को दूर करने के लिए सिकंदर लायक को बुलाया गया था।

वह ओड़तारा गांव पहुंचकर विद्युत लाइन पर कार्य कर रहा था। इसी दौरान विधुत करंट के चपेट मे आ जाने से गंभीर रूप से झुलस गया। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल उसे उपचार के लिए फूलो झानो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, दुमका पहुंचाया।

चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया। परिजन उसे बाहर ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। मृतक सिकंदर लायक लंबे समय से बिजली मरम्मत का कार्य कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

ग्रामीणों ने बताया कि सिकंदर मिलनसार और मेहनती स्वभाव का व्यक्ति था तथा क्षेत्र में बिजली संबंधी कार्यों में हमेशा सक्रिय रहता था। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। परिजन पूरे मामले की जांच कर हादसे के कारणों का पता लगाने की मांग कर रहे हैं। समाचार लिखे जाने तक हंसडीहा थाना में इस संबंध में कोई आवेदन नहीं दिया गया था। पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नीरज कुमार