रांची नगर निगम चुनाव: पूर्व मेयर रमा खलखो और डॉ. आशा लकड़ा ने किया मतदान
रांची, 23 फ़रवरी (हि.स.)। रांची नगर निगम चुनाव के तहत सोमवार को पूर्व मेयर रमा खलखो और पूर्व मेयर एवं राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग की सदस्य डॉ. आशा लकड़ा ने अपने-अपने मतदान केंद्रों पर पहुंचकर मताधिकार का प्रयोग किया।
रमा खलखो ने रांची के लोयोला कॉन्वेंट स्कूल, हिनू (एयरपोर्ट रोड) स्थित मतदान केंद्र पर वोट डाला। वहीं डॉ. आशा लकड़ा ने लालपुर स्थित वार्ड संख्या 10 के होली क्रॉस पब्लिक स्कूल, वर्धमान कंपाउंड के कक्ष संख्या 03 में बने बूथ पर मतदान किया।
मतदान के बाद डॉ. आशा लकड़ा ने कहा कि लोकतंत्र के महापर्व पर मतदान कर उन्होंने लोकतंत्र की मजबूती के लिए अपनी भागीदारी सुनिश्चित की है। उन्होंने मतदाताओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि अपने अमूल्य वोट की ताकत को समझें और अपने मताधिकार का प्रयोग कर पारदर्शी एवं स्वच्छ प्रशासन, सर्वांगीण विकास और उज्ज्वल भविष्य के लिए संकल्प लें।
नगर निगम चुनाव के तहत शहर में मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्वक जारी है और मतदाताओं में उत्साह देखा जा रहा है।----------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak