रांची में चला नगर निगम का बुलडोज़र,कई दुकानें तोड़ी गईं

 




रांची, 21 जुलाई (हि.स.)। राजधानी रांची में सड़कों को अतिक्रमणमुक्त और यातायात को सुगम बनाने के उद्देश्य से नगर निगम का अतिक्रमण हटाओ अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में मंगलवार को हरमू चौक पर सड़क किनारे लगाई गई 20 से अधिक अस्थायी दुकानों को बुलडोजर की मदद से हटाया गया। कार्रवाई के दौरान स्थानीय लोगों और दुकानदारों ने विरोध भी किया।

नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि हरमू चौक, रातु रोड, अरगोड़ा और बिरसा चौक को जोड़ने वाला मार्ग शहर का अत्यंत व्यस्त मार्ग है। इस सड़क से लगातार वीआईपी मूवमेंट के साथ-साथ आम लोगों का भी आवागमन होता है। सड़क किनारे अस्थायी दुकानें लगने से यातायात बाधित होता है और जाम की स्थिति बनी रहती है। इसी को देखते हुए अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाया जा रहा है।

कार्रवाई के दौरान प्रभावित दुकानदारों ने नगर निगम की कार्रवाई का विरोध करते हुए कहा कि वे पिछले करीब 10 वर्षों से यहां दुकान लगाकर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं। यदि उनकी दुकानें हटा दी जाती हैं तो उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो जाएगा। उन्होंने सरकार और नगर निगम से वैकल्पिक व्यवस्था करने की मांग की।

नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार सड़क किनारे अतिक्रमण कर व्यवसाय करने वाले दुकानदारों को पहले ही नोटिस जारी कर स्वयं अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाने पर निगम की ओर से कार्रवाई की जा रही है।------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे