रांची की मेयर ने त्योहारों के सफल आयोजन के लिए निगम कर्मियों का जताया आभार

 


-डिप्टी मेयर, पार्षदों और नगर निगम कर्मियों के सहयोग की सराहना

रांची, 16 नवंबर (हि.स.)। रांची की मेयर रोशनी खलखो ने राजधानी में दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ महापर्व के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन के लिए डिप्टी मेयर नीरज कुमार, पार्षदों तथा नगर निगम के पदाधिकारियों और कर्मियों के प्रति आभार जताया है। मेयर की ओर से सोमवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में छठ घाटों के निरीक्षण के दौरान विभिन्न पूजा समितियों और स्थानीय नागरिकों से मिले मार्गदर्शन एवं उनके अथक सहयोग की भी सराहना की गई।

दरअसल, छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए रांची नगर निगम की ओर से व्यापक तैयारियां की गई थीं। इसके तहत विभिन्न छठ घाटों पर जरूरत के अनुसार फ्लड लाइट और जनरेटर की व्यवस्था की गई थी। सभी कृत्रिम घाटों और तालाबों पर बड़ी संख्या में चेंजिंग रूम भी बनाए गए थे। इसके अलावा, स्टोन डस्ट और जीएसबी का उपयोग कर विभिन्न छठ घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों को दुरुस्त किया गया। घाटों की सीढ़ियों की मरम्मत भी कराई गई, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।

मेयर ने कहा कि इन सभी व्यवस्थाओं को सफलतापूर्वक पूरा करने में नगर निगम के प्रत्येक कर्मी का योगदान सराहनीय रहा है। विशेष रूप से सफाई मित्रों ने दिन-रात मेहनत कर घाटों और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने नगर आयुक्त सुशांत गौरव के नेतृत्व में नगर निगम की पूरी टीम की ओर से किए गए समन्वित प्रयासों की सराहना की।

मेयर ने कहा कि किसी भी बड़े सार्वजनिक आयोजन की सफलता सामूहिक प्रयास, समर्पण और बेहतर टीमवर्क का परिणाम होती है। उन्होंने डिप्टी मेयर, सभी पार्षदों, पदाधिकारियों, अभियंताओं, नगर प्रबंधकों, पर्यवेक्षकों, प्रशासनिक कर्मियों और सफाई मित्रों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया। साथ ही भविष्य में भी इसी समर्पण और टीम भावना के साथ शहर की सेवा जारी रखने की अपेक्षा जताई।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak