करमा पूजा पर मेयर ने दिया अखड़ा की साफ-सफाई और प्रकाश की व्यवस्था का निर्देश
रांची, 15 सितंबर (हि.स.)। रांची नगर निगम महापौर रोशनी खलखो ने आगामी करमा पूजा को लेकर तैयारियों को लेकर मंगलवार को निगम के पदाधिकारियों, कर्मियों और पूजा समितियों के साथ समीक्षात्मक बैठक की।
बैठक में उन्होंने पूजा स्थलों और अखड़ा परिसरों में स्वच्छता, प्रकाश, सड़क, नाली और स्वास्थ्य सहित आवश्यक नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर दिशा-निर्देश दिया। इस अवसर पर महापौर ने कहा कि पर्व के दौरान नागरिकों और पूजा समितियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए निगम की सभी शाखाएं आपसी समन्वय के साथ काम करें। पूजा समितियों और वार्ड पार्षदों से स्थानीय आवश्यकताओं की जानकारी लेकर समयबद्ध तरीके से व्यवस्थाएं पूरी करने का निर्देश दिया गया। स्वच्छता शाखा को सभी पूजा स्थलों और अखड़ा परिसरों में विशेष सफाई अभियान चलाने, घास-झाड़ियों की कटाई और दो पालियों में सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
बारिश को देखते हुए नालियों की विशेष सफाई और त्वरित प्रतिक्रिया टीम को अलर्ट रखने के निर्देश दिया गया। अभियंत्रण शाखा को अखड़ा स्थलों और पहुंच मार्गों का समतलीकरण और सड़कों के गड्ढों की मरम्मत कराने को कहा गया। विद्युत शाखा को खराब पथ-बत्तियां दुरुस्त करने और अखड़ा स्थलों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था का निर्देश दिया गया।
इसके अलावा पेड़ों की शाखाओं की छंटाई, फॉगिंग, डॉग कैचिंग, भीड़ वाले क्षेत्रों में वाटर टैंकर और चलंत शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक में उप महापौर नीरज कुमार समेत निगम के अधिकारी, पार्षद और संबंधित शाखाओं के कर्मी मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar