देवघर में प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभुकों को जल्द मिलेगा आशियाना, 10 जून तक गृह प्रवेश की तैयारी तेज
देवघर, 19 मई (हि.स.)। देवघर नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत निर्मित रामपुर आवासीय फ्लैटों में लाभुकों के गृह प्रवेश की तैयारी तेज कर दी गई है। नगर निगम प्रशासन ने लक्ष्य तय किया है कि वर्टिकल-3 के अंतर्गत चयनित लाभुकों का गृह प्रवेश हर हाल में 10 जून तक करा दिया जाए। लंबे समय से लंबित इस परियोजना को लेकर लाभुकों में जहां पहले निराशा और चिंता का माहौल था, वहीं अब उम्मीद की नई किरण दिखाई देने लगी है।
महापौर रवि राउत ने मंगलवार को प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) और निम्न आय वर्ग (एलआईजी) के लिए बनाए गए रामपुर फ्लैटों के लाभुकों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने लाभुकों की समस्याएं सुनीं और नगर निगम अधिकारियों को निर्देश दिया कि गृह प्रवेश की प्रक्रिया में किसी प्रकार की देरी न हो।
महापौर ने अधिकारियों से कहा कि सभी आवश्यक कार्यों को समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए, ताकि लाभुकों को जल्द से जल्द उनके घर सौंपे जा सकें। उन्होंने कहा कि यह योजना केवल भवन निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरतमंद परिवारों को सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन उपलब्ध कराने से जुड़ी हुई है।
लाभुकों ने मुलाकात के दौरान अपनी परेशानियां भी साझा कीं। कई लोगों ने बताया कि इस योजना के तहत घर पाने के लिए उन्होंने अपनी जमा-पूंजी लगा दी है। किसी ने अपना पुराना छोटा मकान बेचकर राशि जमा की, तो किसी ने महाजनों से कर्ज लेकर योजना में निवेश किया। लेकिन लंबे समय तक फ्लैटों का आवंटन और गृह प्रवेश नहीं होने से वे मानसिक और आर्थिक परेशानी से गुजर रहे थे।
बताया गया कि कई लाभुक लगातार नगर निगम कार्यालय के चक्कर काट रहे थे और उन्हें यह चिंता सताने लगी थी कि कहीं उनका सपना अधूरा न रह जाए। हालांकि अब महापौर के आश्वासन और प्रशासनिक सक्रियता के बाद लाभुकों में फिर से विश्वास पैदा हुआ है। लोगों को उम्मीद है कि वर्षों की प्रतीक्षा जल्द समाप्त होगी और उन्हें अपना स्थायी आशियाना मिल जाएगा।
महापौर रवि राउत ने कहा कि नगर निगम लाभुकों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रहा है और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि किसी भी पात्र व्यक्ति को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने भरोसा दिलाया कि निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कर लाभुकों को उनके फ्लैट सौंप दिए जाएंगे।
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) केंद्र सरकार की एक महत्वाकांक्षी योजना है, जिसका उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और निम्न आय वर्ग के लोगों को सस्ती दर पर सुरक्षित एवं सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराना है।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy