बंगाल की खाड़ी में पहुंचा मानसून, झारखंड में 15 तक देगा दस्तक

 




रांची,04 जून (हि.स.)। दक्षिणी पश्चिमी मानसून गुरुवार को बंगाल की खाड़ी में पहुंच गया है। समाचार लिखे जाने के कुछ घंटे के बाद तक इसके केरल पहुंचने की संभावना है। मानसून के केरल से झारखंड पहुंचने में 10 से 12 दिन का समय लगता है। इस हिसाब से इसके झारखंड में 15 जून तक पहुंचने की संभावना है। यह जानकारी मौसम विभाग ने गुरुवार को दी है। उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष झारखंड में मॉनसून 17 जून को पहुंचा था।

इधर, राज्य में मॉनसून आने से पूर्व राजधानी रांची सहित राज्य भर के विभिन्न जिलों में प्री मॉनसून की बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने 04 से लेकर 08 जून तक राज्य के विभिन्न जिलों में गर्जन के साथ आकाशीय बिजली गिरने की संभावना व्यक्त की है। इसके अलावा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की भी संभावना व्यक्त की गई है। इसे लेकर विभाग की ओर से येलो अलर्ट जारी किया गया।

गुमला में 9.2, मिमी बारिश दर्ज

पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक तापमान डाल्टनगंज 41 डिग्री और सबसे कम न्यूनतम तापमान लातेहार में 23.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। इस दौरान राज्य में सबसे अधिक बारिश गुमला जिले के सिसई में 9.2 मिलीमीटर रिकॉर्ड की गई।

गुरुवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से आंशिक बादल छाए रहे, लेकिन दोपहर बाद आसमान साफ हो गया, जिससे प्रचंड गर्मी महसूस की गई।

गुरुवार को रांची में अधिकतम तापमान 35.7 डिग्री और न्यूनतम 24.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं जमशेदपुर में अधिकतम 38.1 डिग्री और न्यूनतम 28.2 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 41 और न्यूनतम 27.9 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 39.5 डिग्री और न्यूनतम 27.2 डिग्री,चाईबासा में अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26.6 डिग्री एवं खूंटी में अधिकतम 35.7 और न्यूनतम 23.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak