प्रतिभाशाली छात्रों को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए भाजपा सदैव संकल्पित : आदित्य साहू

 


रांची, 01 मई (हि.स.)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) बोर्ड परीक्षा में झारखंड टॉपर करने वाले एक और छात्र सन्नी कुमार वर्मा को उनकी शानदार सफलता के लिए सम्मानित करते हुए एक लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की।

साहू ने शुक्रवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि प्रतिभाशाली छात्रों को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के उद्देश्य से पूर्व में की गई घोषणा के अनुसार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आज भाजपा प्रदेश कार्यालय में सन्नी को इस उत्कृष्ट उपलब्धि पर आगे की पढ़ाई के लिए उक्त राशि प्रदान कर अपना वादा पूरा किया।

इस दौरान उन्होंने कहा कि रांची के मधुकम निवासी ब्रजेश कुमार वर्मा के सुपुत्र सन्नी कुमार वर्मा ने सेंट अलोयसियस हाई स्कूल, रांची से मैट्रिक परीक्षा में 498 अंक (99.60%) प्राप्त कर पूरे झारखंड में प्रथम स्थान हासिल कर क्षेत्र एवं राज्य का गौरव बढ़ाया है।

उनकी यह अद्भुत सफलता से पूरे समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। सन्नी के पिता कपड़े की दुकान में कार्य करते हैं तथा रात्रि में नाइट गार्ड की नौकरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। एक छोटे से किराए के कमरे में रहने के बावजूद उन्होंने अपने पुत्र की शिक्षा और सपनों को कभी कमजोर नहीं पड़ने दिया। यह संघर्ष और सफलता हर युवा के लिए प्रेरणा है।

साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में शिक्षा, प्रतिभा और युवा शक्ति को आगे बढ़ाने का जो वातावरण बना है, उसी का परिणाम है कि आज साधारण परिवारों से निकलकर भी बच्चे अपनी मेहनत और लगन से असाधारण उपलब्धियां प्राप्त कर रहे हैं। मेरा विश्वास है कि समाज के मेधावी और परिश्रमी विद्यार्थियों को यदि समय पर सहयोग और प्रोत्साहन मिले, तो वे न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे समाज, राज्य और राष्ट्र का नाम रोशन कर सकते हैं। उन्होंने सन्नी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

साथ ही उन्होंने कहा कि केवल कल्पनाओं या इच्छाओं से कार्य सिद्ध नहीं होते, बल्कि परिश्रम और प्रयास से ही सफलता मिलती है। जिस प्रकार सोए हुए सिंह के मुख में स्वयं शिकार नहीं आता, उसी प्रकार बिना मेहनत के जीवन में सफलता संभव नहीं है।

इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्र, अमर कुमार बाऊरी एवं मनोज सिंह, मुख्य सचेतक नवीन जयसवाल, प्रदेश मंत्री अमित कुमार, मीडिया सह प्रभारी योगेन्द्र प्रताप सिंह, महानगर रांची जिलाध्यक्ष वरुण साहू सहित अन्य लोग भी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे