रांची में 21 जोड़ों का वैदिक रीति-रिवाज से सामूहिक विवाह संपन्न

 




-विहिप सेवा विभाग और आवरण होम प्लस के संयुक्त प्रयास से हुआ आयोजन-विधवा, परित्यक्ता और वंचित कन्याओं को दी गई प्राथमिकता

रांची, 29 नवंबर (हि.स.)। रांची गौशाला परिसर में आयोजित आदर्श सामूहिक विवाह समारोह में रविवार को 21 जोड़े वैदिक मंत्रोच्चार और सनातन रीति-रिवाजों के साथ विवाह बंधन में बंधे। समारोह में लोहरदगा, गुमला, मांडर, कांके, नामकुम, सिसई, बेड़ो, भंडरा और खूंटी की जनजातीय, अनुसूचित जाति तथा पिछड़े वर्ग की जोड़ियों का विवाह संपन्न कराया गया। इस अवसर पर नवदंपतियों के परिजन और सैकड़ों की संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।

झारखंड विश्व हिन्दू परिषद के सेवा विभाग के प्रवक्ता संजय सर्राफ ने बताया कि समारोह को सफल बनाने में विभिन्न सहयोगी संस्थाओं और उनके कार्यकर्ताओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। रांची मेन रोड स्थित प्रसिद्ध संस्थान आवरण होम प्लस के संचालक मुरारी अग्रवाल के नेतृत्व में पूरी टीम आयोजन की व्यवस्थाओं में जुटी रही। वहीं, राकेश शर्मा ने अपनी मी टू वी टीम के साथ व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभाली। भोजन व्यवस्था का दायित्व सोहन दारूका ने अपने सहयोगियों के साथ निभाया।

प्रांत सह सेवा प्रमुख अशोक कुमार अग्रवाल ने बताया कि आवरण होम प्लस की ओर से यह सातवां और विश्व हिन्दू परिषद की ओर से आयोजित 41वां आदर्श सामूहिक विवाह समारोह था। इस आयोजन में विधवा, परित्यक्ता और सामाजिक रूप से वंचित एवं शोषित वर्ग की कन्याओं के विवाह को प्राथमिकता दी गई।

उन्होंने बताया कि विश्व हिन्दू परिषद का सेवा विभाग अब तक तीन हजार से अधिक विधवा, परित्यक्ता और दिव्यांग जोड़ों के साथ-साथ आर्थिक एवं अन्य संसाधनों के अभाव में विवाह नहीं कर पाने वाले जोड़ों का विवाह संपन्न करा चुका है। इस पहल का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों को सामाजिक सहयोग उपलब्ध कराना और वंचित वर्गों को सम्मानपूर्वक वैवाहिक जीवन शुरू करने का अवसर देना है।

अशोक अग्रवाल ने बताया कि चालू वर्ष में आयोजित होने वाला यह तीसरा सामूहिक विवाह समारोह है। इससे पहले अक्टूबर में जमशेदपुर और जून में पटना में इस तरह के आयोजन किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक समारोह में सहयोगी संस्थाओं के कार्यकर्ताओं के अलावा स्थानीय विश्व हिन्दू परिषद के सदस्य तथा बड़ी संख्या में नगर और ग्रामीण क्षेत्रों के लोग सक्रिय रूप से भाग लेते हैं।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे