मंच के शिष्टाचार समागम में योजनाओं की तैयार हुई रूपरेखा
रामगढ़, 15 अप्रैल (हि.स.)। सामाजिक और संगठनात्मक गतिविधियों को नई दिशा देने के उद्देश्य से मारवाड़ी युवा मंच, रामगढ़ कैंट चेतना के तत्वावधान में शहर के थाना चौक स्थित होटल शिवम इन में शिष्टाचार समागम और समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी युवा मंच के कई शीर्ष पदाधिकारी उपस्थित थेे, जिन्होंने संगठन की आगामी रणनीतियों और कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा की।
बैठक का मुख्य उद्देश्य संगठन को और अधिक सुदृढ़ बनाना, स्थानीय नेतृत्व को सशक्त करना तथा आगामी कार्यक्रमों की ठोस रूपरेखा तैयार करना रहा। इस दौरान जिम्मेदारियों के स्पष्ट बंटवारा, कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन, जनसंपर्क को और मजबूत बनाने की रणनीति जैसे अहम बिंदुओं पर गहन विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए व्यवस्थाओं, संसाधनों और संगठनात्मक तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। मंच के अनुशासन और कार्यशैली को प्राथमिकता देने पर जोर, तय एजेंडे के अनुसार कार्य करने की प्रतिबद्धता, सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों के विस्तार की योजना इन बिंदुओं को विशेष रूप से रेखांकित किया गया।
इस अवसर पर प्रांतीय अध्यक्ष विशाल पड़िया, प्रांतीय महामंत्री दीपक गोयनका, प्रांतीय कोषाध्यक्ष विकास झाझरिया, जोन-1 मंडल उपाध्यक्ष आशीष अग्रवाल, सूचना एवं जनसंपर्क संयोजक अमित शर्मा सहित अन्य मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश