मारवाड़ी मंच का सावन मेला-शॉपिंग फेस्टिवल शुरू, डिजाइनर फैशन और एथनिक परिधान उपलब्ध

 


रांची, 06 अगस्त (हि.स.)।

सावन माह के अवसर पर मारवाड़ी युवा मंच रांची समर्पण शाखा की ओर से अग्रसेन भवन, अपर बाजार में गुरुवार से तीन दिवसीय सावन मेला-शॉपिंग फेस्टिवल का शुभारंभ किया गया। यह जानकारी देते हुए शाखा की मीडिया प्रभारी वेदिका सिंघानिया ने बताया कि यह आयोजन आठ अगस्त 2026 तक चलेगा। मेला प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम सात बजे तक आमजनों के लिए निःशुल्क खुला रहेगा।

उन्होंने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है। यहां महिला उद्यमियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री का अवसर मिल रहा है। साथ ही शहरवासियों को एक ही छत के नीचे खरीदारी और मनोरंजन, दोनों की सुविधा उपलब्ध है।

मेले में विविधता से भरपूर स्टॉल लगाए गए हैं। डिजाइनर फैशन और एथनिक परिधान, ट्रेंडी ज्वेलरी, हाथ से बने हस्तशिल्प एवं गृह सज्जा के सामान, राखी, लड्डू गोपाल के आकर्षक वस्त्र-श्रृंगार, होममेड फूड, चाट-पकवान और मिठाइयों के स्टॉल विशेष आकर्षण का केंद्र हैं। इसके अलावा बच्चों के लिए गेम्स और फोटो ज़ोन की भी व्यवस्था की गई है। आयोजकों ने बताया कि मेले के सभी स्टॉल पहले ही बुक हो चुके हैं। इस बार स्टॉलों की संख्या और उनकी विविधता दोनों पिछले वर्ष की तुलना में अधिक है।

शाखा अध्यक्ष शुभा अग्रवाल, सचिव रेखा राईका एवं कोषाध्यक्ष स्मिता अग्रवाल ने रांचीवासियों से सपरिवार मेले में पहुंचकर आयोजन को सफल बनाने और महिला उद्यमियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar