झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन ने पश्चिम बंगाल में मंत्री बनने पर डॉ. अजय पोद्दार को दी बधाई

 




रांची, 01 जून (हि.स.)। झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन ने कुल्टी विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. अजय पोद्दार को पश्चिम बंगाल मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। सम्मेलन के पदाधिकारियों ने इसे पश्चिम बंगाल के साथ-साथ संपूर्ण मारवाड़ी समाज और झारखंड के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया है।

सोमवार को जारी एक विज्ञप्ति में सम्मेलन के प्रांतीय अध्यक्ष सुरेश चंद्र अग्रवाल, वरीय उपाध्यक्ष ललित कुमार पोद्दार, महामंत्री विनोद कुमार जैन तथा संयुक्त महामंत्री सह प्रवक्ता संजय सर्राफ ने संयुक्त रूप से डॉ. पोद्दार को शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल एवं सफल मंत्री कार्यकाल की कामना की।

प्रांतीय अध्यक्ष सुरेश चंद्र अग्रवाल ने कहा कि डॉ. अजय पोद्दार का रांची से वर्षों पुराना और आत्मीय संबंध रहा है। उन्होंने 1970 के दशक में रांची स्थित राजस्थान छात्रावास में रहकर चिकित्सा शिक्षा प्राप्त की थी। यही कारण है कि उनके मंत्री बनने की खबर से रांची और झारखंड के लोगों में भी खुशी और गर्व का वातावरण है।

उन्होंने कहा कि डॉ. पोद्दार ने अपने चिकित्सा, सामाजिक और राजनीतिक जीवन में सदैव जनसेवा को प्राथमिकता दी है। जनता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता, सरल कार्यशैली और समाज के प्रति समर्पण ने उन्हें व्यापक सम्मान और विश्वास दिलाया है। सम्मेलन को विश्वास है कि वे मंत्री के रूप में भी जनहित के कार्यों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे।

वरीय उपाध्यक्ष ललित कुमार पोद्दार ने कहा कि मंत्री पद पर उनकी नियुक्ति उनके लंबे सार्वजनिक जीवन, कुशल नेतृत्व और समाजसेवा के प्रति समर्पण का सम्मान है। उन्होंने उम्मीद जताई कि डॉ. पोद्दार अपने अनुभव और दूरदर्शी सोच के बल पर पश्चिम बंगाल के विकास को नई गति प्रदान करेंगे तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

सम्मेलन के अन्य पदाधिकारियों ने भी कहा कि डॉ. अजय पोद्दार को मंत्री पद की जिम्मेदारी मिलना उनके वर्षों के जनसेवा कार्य, प्रशासनिक दक्षता और नेतृत्व क्षमता की स्वाभाविक पहचान है। उन्होंने अपने सार्वजनिक जीवन में हमेशा जनता के हितों को सर्वोच्च स्थान दिया है, जिसके कारण उन्हें व्यापक जनसमर्थन प्राप्त हुआ है।

डॉ. अजय पोद्दार को बधाई देने वालों में प्रांतीय अध्यक्ष सुरेश चंद्र अग्रवाल, वरीय उपाध्यक्ष ललित कुमार पोद्दार, महामंत्री विनोद कुमार जैन, संयुक्त महामंत्री सह प्रवक्ता संजय सर्राफ सहित सम्मेलन के अनेक पदाधिकारी और सदस्य शामिल रहे।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar