रांची में 21 स्थानों पर लगी अमृतधारा प्याऊ, राहगीरों को मिला शीतल जल
रांची, 28 अप्रैल (हि.स.)। भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप के बीच लोगों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से मारवाड़ी युवा मंच समर्पण शाखा ने मंगलवार को शहर के 21 विभिन्न स्थानों पर अमृतधारा सेवा का आयोजन किया। शाखा की अध्यक्षा शुभा अग्रवाल के नेतृत्व में यह सेवा कार्य संपन्न हुआ, जिसमें राहगीरों और जरूरतमंद लोगों के लिए मुफ्त अमृतधारा प्याऊ स्थापित कर शीतल जल की व्यवस्था की गई।
शहर के अलग-अलग प्रमुख स्थानों पर लगाए गए इन प्याऊ केंद्रों पर लोगों ने गर्मी से राहत महसूस की। राह चलते लोगों, मजदूरों, रिक्शा चालकों और अन्य जरूरतमंदों को ठंडा पानी उपलब्ध कराया गया, जिससे उन्हें तपती गर्मी में काफी सहूलियत मिली।
इस अवसर पर शाखा की अध्यक्षा शुभा अग्रवाल ने कहा कि समर्पण शाखा हमेशा समाज सेवा के कार्यों के लिए तत्पर रहती है। उन्होंने कहा कि जनहित में इस प्रकार के सेवा कार्य आगे भी लगातार जारी रहेंगे। उन्होंने बताया कि गर्मी के इस मौसम में प्याऊ की व्यवस्था लोगों के लिए बड़ी राहत साबित होगी।
मीडिया प्रभारी वेदिका सिंघानिया ने कहा कि भीषण गर्मी को देखते हुए यह पहल काफी आवश्यक थी। उन्होंने बताया कि शाखा का उद्देश्य सिर्फ सेवा नहीं, बल्कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाना भी है। इस तरह के प्रयास लोगों के बीच सकारात्मक संदेश पहुंचाते हैं।
इस अवसर पर सचिव रेखा राइका, वर्षा धानुका, वीना शर्मा, कृष्णा अग्रवाल सहित शाखा की अन्य सदस्य भी उपस्थित रहीं। सभी ने मिलकर सेवा कार्य को सफल बनाने में योगदान दिया।--------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar