सम्मेलन ने डीजीपी को पत्र भेजकर की सुमित हत्याकांड में कार्रवाई की मांग
रांची, 31 जुलाई (हि.स.)। झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन ने रामगढ़ निवासी सुमित अग्रवाल की हत्या के मामले में त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई करने की मांग की है। सम्मेलन के प्रांतीय अध्यक्ष सुरेश चंद्र अग्रवाल ने डीजीपी तदाशा मिश्रा को पत्र भेजकर सभी आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी और उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने का आग्रह किया है।
सम्मेलन के संयुक्त महामंत्री संजय सर्राफ ने शुक्रवार को बताया कि संगठन की ओर से पीड़ित परिवार को तत्काल सहायता के रूप में 11 हजार रुपये की आर्थिक मदद दी गई है। उन्होंने बताया कि पत्र में कहा गया है कि सुमित अग्रवाल की हत्या से पूरे मारवाड़ी समाज, विशेषकर रामगढ़ के लोगों में गहरा आक्रोश और असुरक्षा का माहौल है।
उन्होंने बताया कि सुमित अपने परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे। उनके निधन से उनकी बुजुर्ग मां, पत्नी और दूधमुंहे बच्चे के समक्ष गंभीर आर्थिक और सामाजिक संकट खड़ा हो गया है।
सम्मेलन ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित सरकारी मुआवजा देने और मृतक की पत्नी को उनकी योग्यता के अनुरूप सरकारी नौकरी देने की भी मांग की है। इस संबंध में भेजे गए पत्र की प्रति रामगढ़ विधायक ममता देवी को भी भेजी गई है, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय और सहायता दिलाने के लिए आवश्यक पहल हो सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar