सुमित के परिजनों से मिला मारवाड़ी समाज, हत्यारे को पकड़ने की पुलिस से की मांग
रामगढ़, 30 जुलाई (हि.स.)। सुमित अग्रवाल की हत्या पर मारवाड़ी समाज ने विरोध प्रकट किया है। गुरुवार को श्री सत्यनारायण मंदिर परिसर में समाज की बैठक हुई, जिसमें रामगढ़ में बढ़ते अपराध पर चर्चा की गई। बैठक के बाद समाज के लोग झंडा चौक निवासी सुमित अग्रवाल के परिजनों से मिलने उनके आवास पहुंचे।
समाज के लोगों ने कहा कि यह घटना केवल एक परिवार की नहीं, बल्कि पूरे समाज के लिए अत्यंत दुखद और चिंताजनक है। किसी भी व्यक्ति के साथ अपराध होने पर उसके दोष या निर्दोष होने का निर्णय केवल कानून और न्यायालय कर सकते हैं। किसी को भी कानून अपने हाथ में लेकर किसी की जान लेने का अधिकार नहीं है। मृतक के परिजनों को ढांढस बंधाने के बाद सभी लोग रामगढ़ थाना पहुंचे और पुलिस से हत्यारे को पकड़ने की मांग की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश