मारवाड़ी सम्मेलन की आमसभा में सामाजिक आचार संहिता सहित कई मामलों पर चर्चा
रांची, 31 अगस्त (हि.स.)। झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन की प्रथम आमसभा सोमवार को हरमू रोड स्थित मारवाड़ी भवन में हुई। बैठक में संशोधित संविधान, सामाजिक आचार संहिता, अंकेक्षित आय-व्यय और सम्मेलन से जुड़े वित्तीय मामलों सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा कर निर्णय लिए गए। विभिन्न जिलों से आए पदाधिकारियों और सदस्यों ने बैठक में भाग लिया।
इस अवसर पर अध्यक्ष सुरेश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि पूर्व निर्वतमान अध्यक्ष बसंत मित्तल की ओर से मारवाड़ी ट्रस्ट को दिए गए 25 लाख रुपये सम्मेलन को वापस दिलाने के लिए पिछले एक वर्ष से पत्राचार और प्रयास जारी है। राशि अब तक नहीं मिलने पर आमसभा ने अध्यक्ष के आग्रह पर एक माह और प्रयास करने की सहमति दी। सम्मेलन कार्यालय और बकाया राशि की मांग के लिए अनुशासन समिति के संयोजक सह उपाध्यक्ष कृष्णा अग्रवाल को अधिकृत किया गया।
कोषाध्यक्ष मनोज चौधरी ने वर्ष 2025-26 का अंकेक्षित आय-व्यय प्रस्तुत किया, जिसे सर्वसम्मति से पारित किया गया। वर्ष 2026-27 के लिए सीए एनके डोकानिया को अंकेक्षक नियुक्त किया गया।
देवघर कार्यकारिणी की ओर से अनुमोदित संशोधित संविधान पर सदस्यों के सुझावों के बाद आवश्यक विलोपन और शुद्धिकरण करते हुए इसे सर्वसम्मति से पारित किया गया। सामाजिक आचार संहिता को भी सभा की स्वीकृति मिली। इसे जल्द ही समाज के बीच प्रचारित किया जाएगा।
मौके पर विभिन्न जिलों के सम्मेलन को उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। सदस्यता विस्तार के लिए नेहा पटवारी को भी सम्मानित किया गया।
बैठक में अध्यक्ष सुरेश चंद्र अग्रवाल, महामंत्री विनोद कुमार जैन, ललित कुमार पोद्दार, कृष्णा अग्रवाल, मनोज चौधरी सहित अन्य सदस्य मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar