एक शिक्षक के भरोसे चल रहा कई स्कूलों का पठन-पाठन : अमीन

 




रांची, 14 सितंबर (हि.स.)। झारखंड प्रदेश संयुक्त शिक्षक मोर्चा की बैठक सोमवार को धुर्वा स्थित भारतीय मजदूर संघ कार्यालय में प्रदेश संयोजक मंगलेश्वर उरांव की अध्यक्षता में हुई।

इस अवसर पर मोर्चा के प्रदेश संयोजक अमीन अहमद ने कहा कि राज्य के हजारों विद्यालयों में लंबे समय से एक ही शिक्षक के भरोसे पठन-पाठन चल रहा है। विषयवार पर्याप्त शिक्षकों की नियुक्ति, जरूरत के अनुसार घंटी आधारित शिक्षकों की व्यवस्था और शिक्षकों को गैर-शैक्षणिक कार्यों से मुक्त करने की मांग की गई।

प्रवक्ता अरुण कुमार दास ने बताया कि शिक्षकों को एमएसीपी का लाभ, छठे वेतन आयोग के अनुरूप उत्क्रमित वेतनमान और वर्ष 2010 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों के लिए सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशानुसार विशेष टीईटी आयोजित करने की मांग की।

साथ ही विद्यालय विकास एवं कुकिंग कॉस्ट की लंबित राशि में वृद्धि कर जल्द आवंटन और वित्तीय-सामाजिक अंकेक्षण के नाम पर शिक्षकों के कथित आर्थिक भयादोहन पर रोक लगाने की भी मांग की गई।

बैठक में मोर्चा से जुड़े पांच शिक्षक संगठनों के प्रदेश और जिला पदाधिकारी शामिल हुए। शिक्षा और शिक्षक हित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर सरकार से त्वरित कार्रवाई की मांग की गई।

मोर्चा ने दिवंगत उच्च शिक्षा मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू को श्रद्धांजलि देते हुए स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग में रिक्त मंत्री पद पर तत्काल नियुक्ति की मांग की। अक्टूबर में रांची में राज्यस्तरीय शिक्षक संगोष्ठी आयोजित करने का निर्णय लिया गया।

बैठक में मोर्चा के प्रदेश संयोजक विजय बहादुर सिंह, अमीन अहमद, मंगलेश्वर् उरांव, डॉ सुधांशु कुमार सिंह, प्रदेश प्रवक्ता अरुण कुमार दास सहित अन्य जिलों से शिक्षक प्रतिनिधि मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar