प्रेमिका के साथ संदिग्ध अवस्था में मिले युवक की मौत, महिला गिरफ्तार
रामगढ़, 18 नवंबर (हि.स.)। शहर के कोयरी टोला में प्रेमिका से मिलने पहुंचे युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिजनों ने रामगढ़ थाना पहुंचकर जमकर हंगामा किया और मामले में कार्रवाई की मांग की। परिजनों की शिकायत और प्राथमिकी के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रेमिका मालती देवी को गिरफ्तार कर लिया है। बुधवार को गिरफ्तार महिला को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
पुलिस के अनुसार आकाश नायक 15 नवंबर को अपनी प्रेमिका मालती देवी से मिलने रामगढ़ शहर के कोयरी टोला पहुंचा था। उसी रात दोनों एक कमरे में संदिग्ध अवस्था में पाए गए। आकाश की हालत गंभीर होने पर उसके परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर कर दिया गया। बाद में स्थानीय लोगों की सूचना पर मालती देवी को भी रामगढ़ सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मालती देवी मूल रूप से गोला थाना क्षेत्र के बेटुल खुर्द गांव की रहने वाली है। वह रामगढ़ के कोइरी टोला में किराए के मकान में रहती थी, जहां आकाश अक्सर उससे मिलने आता था।
मृतक आकाश नायक के भाई विकास नायक ने रामगढ़ थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। प्राथमिकी में उसने बताया कि आकाश का मालती देवी के साथ प्रेम संबंध था और वह अक्सर उससे मिलने रामगढ़ आता था। 15 नवंबर को भी आकाश घर से निकला था, लेकिन शाम पांच बजे तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने जब उसके मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया तो उसने फोन नहीं उठाया।
इसके बाद आकाश के दोस्तों से पूछताछ की गई। जिन्होंने बताया कि वह मालती देवी के कमरे में हो सकता है। देर रात परिजन अन्य सदस्यों के साथ कोयरी टोला स्थित कमरे में पहुंचे तो आकाश की हालत गंभीर थी और उसके मुंह से झाग निकल रहा था। परिजनों ने मालती देवी पर आकाश को जहर देकर मारने की आशंका जताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की।
परिजनों के अनुसार, मालती देवी की शादी गोला प्रखंड के हुप्पू पंचायत अंतर्गत तोयर गांव में हुई थी। करीब पांच वर्ष पूर्व उसके पति की मौत हो गई थी। मालती का एक पुत्र भी है, जो गांव में रहता है। पति की मौत के बाद मालती अपने मायके चली गई थी और बाद में रामगढ़ के कोइरी टोला में किराए के मकान में रहने लगी थी।
फिलहाल पुलिस गिरफ्तारी के बाद मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश