डिस्टलरी पार्क के तालाब में डूबने से 55 वर्षीय व्यक्ति की मौत
रांची, 14 सितंबर (हि.स.)। राजधानी रांची के सदर थाना क्षेत्र स्थित कोकर डिस्टलरी पार्क परिसर के तालाब में सोमवार सुबह नहाने के दौरान डूबने से 55 वर्षीय धनेश्वर उरांव की मौत हो गई। वह कोकर के हैदर अली रोड नंबर-2 के रहने वाले थे।
स्थानीय लोगों के अनुसार, धनेश्वर सुबह तालाब में नहाने के लिए उतरे थे। इसी दौरान वह गहरे पानी में चले गए और खुद को संभाल नहीं सके। कुछ देर बाद वह पानी में डूब गए। घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना प्रभारी कुलदीप कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
शव की तलाश के दौरान आसपास के लोगों ने एनडीआरएफ की टीम बुलाने की मांग को लेकर डिस्टलरी पुल के पास सड़क जाम कर दी। जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। इसी बीच शव पानी के ऊपर आ गया, जिसके बाद स्थानीय गोताखोरों की मदद से उसे बाहर निकाला गया। इसके बाद पुलिस ने लोगों को समझाकर जाम समाप्त कराया।
थाना प्रभारी ने बताया कि शव की पहचान धनेश्वर उरांव के रूप में हुई है। पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है।
उन्होंने बताया कि शव नहीं मिलने पर एनडीआरएफ को बुलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई थी। इसके लिए एसएसपी राकेश रंजन और एसडीओ को पत्र भेजा गया था। हालांकि, शव पानी के ऊपर आ जाने के कारण एनडीआरएफ की जरूरत नहीं पड़ी।
पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला नहाने के दौरान डूबने का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मौत के कारण की स्थिति और स्पष्ट होगी।-----------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे