नाबालिग से दुष्कर्म के बाद हत्या करने का आरोपित गिरफ्तार
गढ़वा, 22 मार्च (हि.स.)। रमकंडा थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़की से दुष्कर्म के बाद हत्या मामले का गढ़वा पुलिस ने करीब एक माह के बाद खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने रमकंडा थाना क्षेत्र के गोबरदाहा गांव निवासी आरोपित धर्मेंद्र सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
रंका एसडीपीओ रोहित रंजन सिंह ने रविवार को बताया कि घटना के दिन नाबालिग लड़की एक शादी समारोह में शामिल हुई थी। इस दौरान वह शौच के लिए बाहर निकली थी। आरोपित की बहुत दिनों से लड़की पर गलत नजर थी। लड़की को शादी समारोह से बाहर निकलता देख आरोपित ने उसका पीछा करना शुरू किया। खतरा भांप कर लड़की दौड़कर भागने लगी। इस क्रम में लड़की गिर गई। इसके बाद आरोपित उसे उठाकर अरहर की खेत में ले गया, जहां उसने लड़की के साथ पहले दुष्कर्म किया और बाद में उसकी गला दबाकर हत्या कर दी।
घटना के तीसरे दिन पुलिस ने अरहर के खेत से शव बरामद किया था। पुलिस के अनुसार इस कांड का खुलासा करना काफी चुनौतीपूर्ण था। करीब 600 लोगों से पूछताछ और 200 लोगों के कॉल रिकॉर्ड खंगालने के बाद पुलिस आरोपित तक पहुंच सकी। घटनास्थल से मिले चप्पल के आधार पर आरोपित की पहचान हुई।
पुलिस ने बताया कि आरोपित अपने जीजा के घर कसमार में रहता हैं। पुलिस ने साक्ष्यों और गहन जांच के आधार पर इस जघन्य अपराध का खुलासा किया। आरोपित ने भी पूछताछ में घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपित को जेल भेज दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे