देवघर में चाय दुकान संचालिका हत्याकांड का खुलासा, पति गिरफ्तार
देवघर, 22 मई (हि.स.)। देवघर पुलिस ने नगर थाना क्षेत्र के करनीबाग मुख्य सड़क किनारे स्थित एक चाय दुकान में हुई महिला की हत्या के मामले का 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मृतका के पति को ही हत्या का आरोपित मानते हुए गिरफ्तार कर अदालत के आदेश पर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
दरअसल, 19 मई की सुबह करीब 10 बजे करनीबाग स्थित एक चाय दुकान में महिला माला देवी का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए नगर थाना में मामला दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष जांच टीम का गठन किया। तकनीकी और वैज्ञानिक जांच के आधार पर पुलिस ने मृतका के पति शिबु यादव (लगभग 60 वर्ष), निवासी भलवाही, थाना सारवां, जिला देवघर को संदिग्ध मानकर हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली।
पुलिस के अनुसार, आरोपित की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त खून लगा कुदाल बरामद किया गया। इसके अलावा घटनास्थल से खून के छींटों वाली सीमेंटेड ईंट, खून लगी चिमनी ईंट और मृतका का ओप्पो कंपनी का नीले रंग का एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हत्या की वजहों का पता लगाया जा रहा है। आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। आरोपित को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस हत्या के पीछे के कारणों की भी विस्तृत जांच कर रही है।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy