सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाएं हर योग्य व्यक्ति तक : के राजू
रांची, 04 जुलाई (हि.स.)। झारखंड प्रदेश कांग्रेस प्रभारी के राजू ने शनिवार को पलामू जिला के अपने संगठनात्मक दौरे के दौरान मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को लेकर पांकी प्रखंड के ग्राम पंचायत पकड़िया और तरहसी प्रखंड के तरिया गांव का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय ग्रामीणों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ एक विस्तृत और सार्थक चर्चा की।
बैठक में पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय, विधायक सुरेश बैठा और पूर्व मंत्री केएन त्रिपाठी सहित कई दिग्गज नेता मौजूद थे।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश प्रभारी के राजू ने कांग्रेस के बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) को निर्देश देते हुए कहा कि क्षेत्र के एक भी योग्य मतदाता का नाम वोटर लिस्ट से छूटना नहीं चाहिए। बीएलए हर घर तक पहुंचें और ग्रामीणों को फॉर्म भरने में उनका पूरा सहयोग करें, ताकि सभी के लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा हो सके।
जनकल्याणकारी योजनाओं की हुई समीक्षा
चर्चा के दौरान के राजू ने ग्रामीणों से बातचीत कर सरकार की ओकर से चलाई जा रही महत्वाकांक्षी और विकास योजनाओं की जमीनी हकीकत की जानकारी ली।
उन्होंने प्रखंड और पंचायत अध्यक्षों को स्पष्ट रूप से निर्देश किया कि वे इस बात का विशेष ध्यान रखें कि सरकार की किसी भी जनकल्याणकारी योजना से क्षेत्र का कोई भी गरीब या योग्य व्यक्ति वंचित न रहे।
मौके पर पलामू लोकसभा प्रभारी सह कांके विधायक सुरेश बैठा, पलामू जिला प्रभारी विनय सिन्हा दीपू, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय, पूर्व मंत्री केएन त्रिपाठी, पलामू जिला अध्यक्ष बिमला कुमारी सहित संबंधित प्रखंडों के अध्यक्ष, पंचायत अध्यक्ष और भारी संख्या में स्थानीय ग्रामीण और कार्यकर्ता उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak