सड़क हादसे में महिला की मौत, बच्ची सहित दो घायल

 


देवघर, 26 नवंबर (हि.स.)। सांरवा थाना अंतर्गत मणिगढ़ी स्कूल के समीप एक छोटी पुलिया के पास कार चालक का संतुलन बिगड़ने से आई टेन कार पेड़ से जा टकरा गई। इस हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद इलाके में शोक की लहर है। घटना के विषय में बताया जा रहा है की छोटा पुलिया के पास एक बंपर सा है, जो दूर से दिखाई नहीं पड़ता है, उस जगह पर प्रायः आदमी धोखा खा जाता है। लोगों का कहना था कि पूर्व में भी ईस जगह पर दर्जनों की संख्या में घटना घट चुकी है। गाड़ी की गति अधिक होने के कारण संतुलन बिगड़ गया जिससे गाड़ी जाकर एक पेड़ से टकराई और दुर्घटना हो गई।

मृतका और घायल व्यक्ति की पहचान पश्चिम बंगाल का बताया जा रहा है। इस हादसे में कार सवार प्रीतम पांजा और एक छोटी बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। वहीं उनकी पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की खबर सुनते ही मौके पर जेकेएलएम के देवघर जिला अध्यक्ष चंदन कुमार वर्मा ने स्थानीय थाना को सूचना दी और परिजनों से बात की। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। वहीं घटना स्थल पर सांरवा पुलिस पहुंचकर आगे की कार्यवाई में जुट गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy