पुलिस ने वज्र 2.0 अभियान के तहत एक रात में 64 वारंटी गिरफ्तार

 


देवघर:, 26 नवंबर (हि.स.)। जिले में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए देवघर पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है। एसपी के निर्देश पर 25 एवं 26 नवंबर की मध्यरात्रि को जिलेभर में चलाए गए विशेष अभियान ‘ऑपरेशन वज्र 2.0’ के तहत कुल 64 वारंटियों और विभिन्न आपराधिक मामलों के वांछित आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान कुल 108 वारंटों का निष्पादन किया गया।

पुलिस की ओर से जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में एक साथ छापेमारी अभियान चलाया गया। अभियान के तहत रिखिया थाना क्षेत्र से चार, जसीडीह से तीन, चितरा से पांच, पाथरोल से तीन, मोहनपुर से नौ, सोनारायठाढ़ी से दस, मधुपुर से पांच, सारठ से दो, करौं से दो, बुढ़ई से तीन, पालोजोरी से एक, मारगोमुंडा से एक, पाथरअड्डा ओपी से तीन, नगर थाना से पांच, सारवां से चार, देवीपुर से तीन और खागा थाना क्षेत्र से एक आरोपित को गिरफ्तार किया गया।

इस प्रकार जिले के 17 थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए कुल 64 गिरफ्तारियां की गईं। पुलिस की इस कार्रवाई को लंबे समय से लंबित वारंटों के निष्पादन और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी की दिशा में महत्वपूर्ण अभियान माना जा रहा है।

देवघर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपराधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस की इस कार्रवाई से वारंटियों और आपराधिक मामलों में फरार चल रहे आरोपितों के बीच सख्त संदेश गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy