श्रावणी मेला से पहले देवघर में प्रशासनिक फेरबदल, नए उपायुक्त ने संभाला पद
देवघर, 18 अप्रैल (हि.स.)। आगामी श्रावणी मेला से पहले देवघर जिले में प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल किया गया है। उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा का तबादला कर दिया गया है, जबकि 2017 बैच के आईएएस अधिकारी शशि प्रकाश सिंह ने जिले के नए उपायुक्त के रूप में पदभार ग्रहण कर लिया है। पदभार ग्रहण के दौरान पूर्व उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा ने नए उपायुक्त का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया और उन्हें बधाई दी।
इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारियों के बीच औपचारिक परिचय और समन्वय की प्रक्रिया भी हुई।
मीडिया से बातचीत में नए उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह ने कहा कि पूर्व उपायुक्त अपने कर्तव्यों के प्रति समर्पण और निष्ठा के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने कहा कि उनके किए गए कार्यों को आगे बढ़ाते हुए जिले के समग्र विकास को नई ऊंचाइयों तक ले जाना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार की योजनाओं को आम जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना, विकास कार्यों में तेजी लाना और जनहित से जुड़े मुद्दों का समाधान करना उनकी प्राथमिकता में शामिल है।
उन्होंने कहा कि श्रावणी मेला को देखते हुए सभी विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर व्यवस्था को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy