श्रावणी मेला में खाद्य सुरक्षा टीम की बड़ी कार्रवाई

 


देवघर, 31 जुलाई (हि.स.)। राजकीय श्रावणी मेला-2026 के दौरान श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया के निर्देश पर जिला प्रशासन की ओर से खाद्य सुरक्षा जांच अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जिला प्रशासन की ओर से गठित संयुक्त खाद्य सुरक्षा दल ने मंदिर मोड़ स्थित विभिन्न भोजनालयों, ठेला-खोमचा, डिस्ट्रीब्यूटर एवं थोक दुकानों का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान देसी जायका भोजनालय के किचन में अत्यधिक गंदगी पाई गई। इस पर संबंधित प्रतिष्ठान को नोटिस जारी कर जुर्माना लगाने की प्रक्रिया शुरू करने की बात कही गई। वहीं जांच में विभिन्न भोजनालयों में उपयोग किए जा रहे पनीर की गुणवत्ता संतोषजनक पाई गई।

इसी दौरान इंडियन स्पाइस मटन हाउस के संबंध में एक उपभोक्ता द्वारा ऑनलाइन दर्ज शिकायत के आधार पर विस्तृत जांच की गई। जांच के क्रम में सिद्धि विनायक ट्रेडिंग में लगभग 360 बैग (करीब 10,000 किलोग्राम) फॉर्च्यून ब्रांड का एक्सपायर्ड आटा तथा 80 बैग (करीब 800 किलोग्राम) इमामी ब्रांड का एक्सपायर्ड बेसन पाया गया। पूरे स्टॉक को मौके पर ही अलग कर सुरक्षित रखते हुए अगले आदेश तक बिक्री पर रोक लगा दी गई।

खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि संबंधित फर्म के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की प्रासंगिक धाराओं के तहत नोटिस जारी कर अग्रेतर कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान सभी होटल, भोजनालय एवं खाद्य प्रतिष्ठानों को परिसर की साफ-सफाई बनाए रखने, स्वच्छता के मानकों का पालन करने तथा हाइजीन व्यवस्था दुरुस्त रखने के सख्त निर्देश दिए गए। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि श्रावणी मेला के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से संबंधित किसी भी शिकायत पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य सुरक्षा कार्यालय ने श्रद्धालुओं एवं उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए 24 घंटे साताें दिन शिकायत हेल्पलाइन नंबर 8448739474 जारी किया है। खाद्य सुरक्षा से संबंधित किसी भी शिकायत की सूचना इस नंबर पर दी जा सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy