‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने पर देशभक्ति गीतों से गूंजा धनबाद, महागामा के कलाकारों ने बांधा समां

 






गोड्डा, 27 अक्टूबर (हि.स.)। स्वतंत्रता संग्राम के अमर गीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में सरस भारत और मारवाड़ी समाज की ओर से आयोजित तीन दिवसीय ‘एक शाम देश के नाम’ कार्यक्रम में महागामा की संगीत टीम ने देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति से समां बांध दिया। धनबाद और झरिया में 24 से 26 अक्टूबर तक चले इस आयोजन में संगीत और काव्य-पाठ के माध्यम से देशप्रेम की भावना को अभिव्यक्त किया गया।

आईआईटी (आईएसएम) धनबाद और झरिया के अग्रवाल धर्मशाला में आयोजित कार्यक्रम में ईसीएल राजमहल के पूर्व चीफ इंजीनियर एवं कवि-संगीतकार सुशील साहिल के नेतृत्व में महागामा के कलाकारों ने ‘वंदे मातरम्’, ‘भारत का रहने वाला हूं’ और ‘संदेशे आते हैं’ सहित कई देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए। कलाकारों की प्रस्तुतियों ने श्रोताओं को भावविभोर कर दिया।

इस दौरान सहरसा से आईं बाल कलाकार अभिश्री और आदित्री ने राजस्थानी गीतों की प्रस्तुति से दर्शकों का मन मोह लिया। महागामा की संगीत टीम ने विभिन्न वाद्ययंत्रों पर संगत देकर कार्यक्रम को और आकर्षक बनाया।

आयोजन में देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे कवियों और साहित्यकारों ने भी अपनी रचनाओं का पाठ किया। उनकी ओजपूर्ण देशभक्ति कविताओं ने सभागार में उत्साह और राष्ट्रप्रेम का वातावरण बना दिया।

कार्यक्रम में धनबाद के महापौर संजीव सिंह, आईआईटी (आईएसएम) के प्राध्यापक, विद्यार्थी, बुद्धिजीवी और व्यवसायी सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। आयोजन को सफल बनाने में संयोजिका सोनी सुगंध के साथ धनबाद और झरिया के मारवाड़ी समाज के सदस्यों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।----------

हिन्दुस्थान समाचार / रंजीत कुमार