भाजपा प्रदेश कार्यालय में मनाई गई महर्षि वाल्मीकि की जयंती, सामाजिक समरसता का दिया संदेश
रांची, 26 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के झारखंड प्रदेश कार्यालय में सोमवार को अनुसूचित जाति मोर्चा के तत्वावधान में आदिकवि महर्षि वाल्मीकि की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने महर्षि वाल्मीकि के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। साथ ही उनके आदर्शों और विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि का जीवन सत्य, ज्ञान, धर्म, मानवता और नैतिक मूल्यों के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उनकी महान रचना रामायण भारतीय संस्कृति, आदर्श जीवन और नैतिक मूल्यों की अमूल्य धरोहर है। महर्षि वाल्मीकि ने अपनी रचनाओं और विचारों के माध्यम से समाज को सदाचार, कर्तव्यनिष्ठा और मानवीय मूल्यों का संदेश दिया।
वक्ताओं ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि के आदर्श आज भी प्रासंगिक हैं। उनके जीवन और विचारों से प्रेरणा लेकर समाज में आपसी भाईचारा, समानता और समरसता को मजबूत किया जा सकता है। उन्होंने सामाजिक एकता और नैतिक चेतना को सुदृढ़ करने के लिए महर्षि वाल्मीकि की शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाने की आवश्यकता बताई।
इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी एवं मनोज सिंह, अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रंजय भारती, मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नीरज पासवान, राजेंद्र पासवान, भगत वाल्मीकि, सीमा पासवान, विमल बैठा, योगेंद्र लाल, राजीव लाल, विनोद राजन, सत्येंद्र रजक, धर्मेंद्र राम, गोविंद वाल्मीकि और चंदन बैठा सहित कई नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।----------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे