बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव का क्षेत्र, झारखंड के 15 जिलों में 28 और 29 को भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट

 


रांची, 24 अक्टूबर (हि.स.)। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से झारखंड में 28 और 29 अक्टूबर को भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने राज्य के 15 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कई इलाकों में तेज हवाएं चलने और वज्रपात की भी आशंका जताई गई है।

मौसम विभाग के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने शनिवार को बताया कि 28 अक्टूबर को राज्य के विभिन्न जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। साथ ही वज्रपात होने की भी संभावना है। वहीं, 29 अक्टूबर को हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे रहने का अनुमान है। इस दिन भी कई इलाकों में वज्रपात हो सकता है।

मौसम विभाग की ओर से जिन 15 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, उनमें रांची, खूंटी, रामगढ़, बोकारो, गुमला, सिमडेगा, लोहरदगा, लातेहार, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, हजारीबाग, चतरा, पलामू और गढ़वा शामिल हैं।

अभिषेक आनंद के अनुसार, 30 अक्टूबर को भी राज्य के विभिन्न हिस्सों में बारिश होने की संभावना बनी रहेगी। हालांकि, एक नवंबर से प्रदेशभर में मौसम साफ होने का अनुमान है।

इधर, पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक तापमान पश्चिमी सिंहभूम जिले के जगन्नाथपुर में 33.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम तापमान लातेहार में 12.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

शनिवार को राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से आसमान साफ रहा। सुबह के समय हल्की ठंड महसूस की गई, जबकि दोपहर में गर्मी और उमस का असर देखने को मिला।

शनिवार को रांची का अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम 16.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री और न्यूनतम 20.6 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 31.6 डिग्री और न्यूनतम 16.7 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 30.2 डिग्री और न्यूनतम 18.1 डिग्री तथा चाईबासा में अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री और न्यूनतम 18.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।----------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak