दिगंबर जैन मंदिर में मनेगा भगवान महावीर जन्म कल्याणक 30 काे
रामगढ़, 29 मार्च (हि.स.)। रामगढ़ शहर के मेन रोड स्थित दिगंबर जैन मंदिर में जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर देवाधिदेव भगवान महावीर स्वामी जी का 2625वां जन्म कल्याणक महोत्सव सोमवार को आयोजित किया जाएगा।
महोत्सव की जानकारी देते हुए रविवार काे समाज के सचिव योगेश सेठी ने बताया कि भगवान महावीर हमारे वर्तमान शासन नायक हैं। यूं तो हम अपने सभी तीर्थंकरों का जन्मोत्सव आयोजित करते हैं, परंतु हमारे रामगढ़ जिनालय की मुख्य वेदी पर भगवान महावीर विराजमान हैं। इस कारण हम जैन धर्मावलम्बी इस अवसर को अत्यंत भक्ति, श्रद्धा एवं उल्लास के साथ मनाते हैं।
सेठी ने बताया कि इस दिन पूरे दिन भर धार्मिक एवं सांस्कृतिक क्रियाएं आयोजित की जाएंगी। साथ ही एक शोभायात्रा निकाली जाएगी, यह शोभायात्रा रामगढ़ जिनालय से आरंभ होकर थाना चौक, झंडा चौक, लोहार टोला होते हुए सुभाष चौक होते हुए जिनालय पहुंचेगी। इसके अलावा महावीर विधान एवं भजन संध्या भी आयोजित होगी।
प्रेस वार्ता में अध्यक्ष राजेंद्र चूड़ीवाल, उपाध्यक्ष राजेंद्र पाटनी, ललित चूड़ीवाल, सह सचिव विकास रापरिया, जैन समाज के मीडिया प्रभारी श्रवण जैन आदि उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश