रिनपास निदेशक पद पर नियुक्ति के लिए प्रकाशित विज्ञापन में एनएमसी की हुई अनदेखी :बाबूलाल
रांची, 03 सितंबर (हि.स.)। झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखकर रांची इंस्टीट्यूट ऑफ न्यूरो सायकेट्री एंड एलाइड साइंसेज (रिनपास) के निदेशक पद पर नियुक्ति के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी विज्ञापन पर सवाल उठाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि 26 अगस्त 2026 को प्रकाशित विज्ञापन में नेशनल मेडिकल कमीशन (एनएमसी) के निर्धारित मानकों की अनदेखी की गई है और गंभीर त्रुटियां हैं।
मरांडी ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि त्रुटिपूर्ण विज्ञापन को तत्काल निरस्त किया जाए। साथ ही 14 अक्टूबर 2024 को स्वास्थ्य विभाग द्वारा निदेशक पद पर नियुक्ति के लिए अधिसूचित नियमावली को भी रद्द कर एनएमसी के निर्धारित मापदंडों के अनुरूप नई नियमावली के तहत दोबारा विज्ञापन जारी किया जाए।
नेता प्रतिपक्ष ने पत्र में कहा है कि रिनपास जैसे प्रतिष्ठित संस्थान के निदेशक पद के विज्ञापन में शैक्षणिक योग्यता और पात्रता का उल्लेख तक नहीं किया गया है। उन्होंने इसे गंभीर त्रुटि बताते हुए कहा कि किसी भी पद पर नियुक्ति के लिए आवश्यक शैक्षणिक योग्यता और पात्रता प्रमुख शर्तें होती हैं।
मरांडी ने चिकित्सा संस्थानों में निदेशक, डीन और अधीक्षक जैसे पदों पर नियुक्ति के लिए एनएमसी की ओर से निर्धारित नियमों का हवाला दिया है। उन्होंने एनएमसी के अधिसूचित गजट के पैरा-5 का उल्लेख करते हुए कहा कि इन पदों के लिए मेडिकल फैकल्टी से जुड़े योग्य अधिकारियों की पात्रता का प्रावधान है।
नेता प्रतिपक्ष ने स्वास्थ्य विभाग की ओर से 14 अक्टूबर 2024 को रिनपास निदेशक पद पर नियुक्ति के लिए अधिसूचित नियमावली पर भी सवाल उठाया। उनका आरोप है कि इस नियमावली में गैर-चिकित्सा संवर्ग के अधिकारियों को भी निदेशक पद के लिए पात्र बनाया गया है, जो एनएमसी के निर्धारित मानकों के विपरीत है।
पत्र में बाबूलाल मरांडी ने कहा है कि रिनपास में कई वर्षों से प्रभारी निदेशक के माध्यम से संस्थान का संचालन किया जा रहा है। उनके अनुसार, इससे संस्थान के सुचारु और व्यवस्थित संचालन में कई तरह की दिक्कतें आती हैं। उन्होंने विशेष रूप से वित्तीय मामलों से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णयों का उल्लेख करते हुए स्थायी निदेशक की नियुक्ति की आवश्यकता बताई।
मरांडी ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि 26 अगस्त को जारी विज्ञापन तत्काल निरस्त कर एनएमसी के मानकों के अनुरूप नए सिरे से नियुक्ति प्रक्रिया शुरू की जाए। उन्होंने निदेशक पद पर चिकित्सा संवर्ग से योग्य, सक्षम, ईमानदार और प्रशासनिक रूप से दक्ष अधिकारी की नियुक्ति की मांग की है, ताकि रिनपास की संस्थागत गरिमा बनी रहे और मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिल सकें।--------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे