नन्हे बच्चों ने धूमधाम से मनाया धोनी का जन्मदिन

 


रांची, 06 जुलाई (हि.स.)। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के 45 वें जन्मदिन की पूर्व संध्या पर सोमवार को रांची में बच्चों और युवा खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ उनका जन्मदिन मनाया।

सामाजिक संस्था शिवा फाउंडेशन की ओर से डीएफसी क्रिकेट एकेडमी परिसर में आयोजित कार्यक्रम में 20 से अधिक बच्चों ने भाग लिया। केक काटकर अपने प्रिय क्रिकेटर को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि आराध्य शिवाय बंका ने केक काटकर उपस्थित बच्चों और खिलाड़ियों के बीच वितरित किया।

उन्होंने कहा कि महेंद्र सिंह धोनी केवल एक सफल कप्तान ही नहीं, बल्कि युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनके शांत स्वभाव, नेतृत्व क्षमता और कठिन परिस्थितियों में धैर्य बनाए रखने की कला से नई पीढ़ी को सीख लेनी चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि धोनी भविष्य में भी क्रिकेट से जुड़े रहकर युवाओं को प्रेरित करते रहेंगे। इस दौरान बच्चों ने हैप्पी बर्थडे माही भैया, रांची का गौरव एमएस धोनी और धोनी-धोनी के नारों से पूरा परिसर गुंजायमान कर दिया।

कार्यक्रम में शिवा फाउंडेशन के ट्रस्टी दीपक बंका, सदस्य अमित कुमार, समाजसेवी आशुतोष द्विवेदी, रंजीत गुप्ता, डीएफसी क्रिकेट एकेडमी के निदेशक जसवंत बर्मन, कोच शुभम कुमार सहित कई खिलाड़ी, अभिभावक और बच्चे मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar