रांची में 30 को जुटेंगे साहित्यकार, सजेगा साहित्य का महाकुंभ

 


रांची, 28 मई (हि.स.)।

रांची में आगामी 30 मई को साहित्य संगम संस्थान का राष्ट्रीय वार्षिकोत्सव एवं सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। प्रेस क्लब रांची में होने वाले इस भव्य आयोजन में देश-विदेश के साहित्यकार, कवि, लेखक और प्रबुद्धजन शामिल होंगे। संस्थान के राष्ट्रीय अध्यक्ष राज वीर सिंह ने गुरूवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य हिंदी और क्षेत्रीय भाषाओं को बढ़ावा देना, नवोदित रचनाकारों को मंच उपलब्ध कराना और वरिष्ठ साहित्यकारों के योगदान को सम्मानित करना है।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के तहत भव्य कवि सम्मेलन, अलंकरण समारोह और पुस्तकों का लोकार्पण किया जाएगा। देशभर से पहुंचे कवि सामाजिक सरोकार, देशभक्ति और विभिन्न विषयों पर काव्य पाठ करेंगे। साहित्य के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले वरिष्ठ और युवा रचनाकारों को राष्ट्रीय सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। संस्थान के संयुक्त सचिव एवं स्थानीय संयोजक डॉ प्रशांत करण ने बताया कि आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। संस्थान ने साहित्य प्रेमियों, शिक्षकों, छात्रों और आमजन से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar