सरकारी शराब दुकान में चोरी, नकदी और शराब ले उड़े चोर

 


बोकारो, 04 जून (हि.स.)। सिटी थाना क्षेत्र के सेक्टर-12 मोड़ स्थित सरकारी शराब दुकान में बीती रात चोरी की घटना सामने आई है। अज्ञात चोरों ने दुकान की साइड की शीट काटकर अंदर प्रवेश किया और नकदी सहित शराब की बोतलें चोरी कर लीं।

जानकारी के अनुसार, दुकान बंद होने के बाद चोरों ने सावल (लोहे के औजार) की मदद से शीट के ज्वाइंट के पास वार कर उसे मोड़ दिया और अंदर घुस गए। इसके बाद दुकान में रखी नकदी और शराब की बोतलों पर हाथ साफ कर फरार हो गए।

सुबह जब दुकान के कर्मचारी पहुंचे तो दुकान की शीट टूटी हुई मिली और सामान बिखरा पड़ा था। घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को दी गई।

दुकान संचालक ने बताया कि चोरी गए नकदी और शराब की सही मात्रा का अभी आकलन किया जा रहा है। स्टॉक का मिलान जारी है, जिसके बाद ही नुकसान की वास्तविक जानकारी सामने आ सकेगी।

सूचना मिलते ही थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा मामले की जांच में जुट गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल कुमार