झारखंड में पूर्ण शराबबंदी-गुटखा पर प्रतिबंध लगाने की मांग, मारवाड़ी सम्मेलन ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र
रांची, 10 जुलाई (हि.स.)। झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से राज्य में पूर्ण शराबबंदी लागू करने तथा गुटखा और अन्य हानिकारक तंबाकू उत्पादों पर प्रभावी प्रतिबंध लगाने की मांग की है।
सम्मेलन के प्रांतीय अध्यक्ष सुरेश चंद्र अग्रवाल ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में कहा कि स्वर्गीय शिबू सोरेन के नशामुक्त समाज के संकल्प को साकार करने का यह उपयुक्त समय है। उन्होंने आग्रह किया कि जनहित को ध्यान में रखते हुए राज्य में पूर्ण शराबबंदी लागू की जाए और गुटखा सहित अन्य चबाने वाले तंबाकू उत्पादों की बिक्री, भंडारण एवं सेवन पर कड़ा प्रतिबंध लगाया जाए।
पत्र में यह भी कहा गया है कि शराब और गुटखा के बढ़ते सेवन से परिवार आर्थिक, सामाजिक और मानसिक रूप से प्रभावित हो रहे हैं। इसके कारण घरेलू हिंसा, सड़क दुर्घटनाओं, अपराध और कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों के मामलों में भी वृद्धि देखी जा रही है। ऐसे में समाज के व्यापक हित में प्रभावी कदम उठाना आवश्यक है।
सुरेश चंद्र अग्रवाल ने कहा कि स्वर्गीय शिबू सोरेन ने अपने सार्वजनिक जीवन में नशामुक्त समाज के निर्माण की लगातार वकालत की थी। यदि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन उनके इस संकल्प को आगे बढ़ाते हैं, तो इससे न केवल लाखों परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आएगा, बल्कि उनके सपनों को साकार करने की दिशा में भी यह एक महत्वपूर्ण कदम होगा।
सम्मेलन ने विश्वास जताया कि राज्य सरकार इस मांग पर गंभीरता से विचार करेगी और झारखंड को नशामुक्त, स्वस्थ एवं समृद्ध राज्य बनाने की दिशा में प्रभावी निर्णय लेगी।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar