सूचना आयोग के मामलों पर कार्रवाई के लिए मुख्य सचिव को पत्र

 


रांची, 08 अगस्त (हि.स.)। झारखंड राज्य सूचना आयोग के क्रियाशील नहीं होने और वहां लंबित सैकड़ों द्वितीय अपीलवाद और शिकायतवादों की तत्काल सुनवाई शुरू कराने की मांग को लेकर हमर अधिकार मंच की ओर से राज्यपाल को दिए गए अभ्यावेदन पर कार्रवाई शुरू हुई है। यह जानकारी हमर अधिकार मंच (हम) झारखंड की ओर से शनिवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी गई है। जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि

राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव नितिन मदन कुलकर्णी ने झारखंड सरकार के मुख्य सचिव को आवश्यक कार्रवाई के लिए पत्र भेजा है।

मंच के अध्यक्ष दीपेश निराला के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल संतोष गंगवार से मुलाकात कर अभ्यावेदन सौंपा था। इसमें झारखंड में मुख्य सूचना आयुक्त की नियुक्ति, सूचना आयोग में धारा 18 के तहत लंबित शिकायतवादों और नियमानुसार लंबित द्वितीय अपीलवादों की तत्काल सुनवाई शुरू कराने तथा सूचना आयुक्तों के लिए प्रोटोकॉल निर्धारित करने की मांग की गई थी।

प्रतिनिधिमंडल में उपाध्यक्ष रेणुका तिवारी, महासचिव उमाशंकर सिंह, कोषाध्यक्ष विनोद जैन बेगवानी और कार्यकारिणी सदस्य सुजीत कुमार पांडेय शामिल थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar