विधिक जागरूकता की टीम ने गांव में चलाया जागरूकता अभियान
रामगढ़, 06 अक्टूबर (हि.स.)। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से मंगलवार को उत्तरी आरा, मांडू में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। ‘जस्टिस रिफ्ट’ अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों को उनके कानूनी अधिकारों और उपलब्ध विधिक सेवाओं की जानकारी देना था।
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार मो तौफीकुल हसन और सचिव अनिल कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीणों को निःशुल्क कानूनी सहायता, लोक अदालत, मध्यस्थता और विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
माैके पर एलएडीसी के सहायक अधिवक्ता मोहन महतो ने नालसा की विभिन्न योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने ‘संवाद’ योजना के माध्यम से वंचित एवं कमजोर वर्गों तक न्याय की पहुंच, ‘जागृति’ के जरिए नशामुक्ति व स्वास्थ्य और कानूनी जागरूकता एवं आशा योजना के माध्यम से बाल विवाह जैसी कुप्रथाओं के खिलाफ जागरूकता की जानकारी दी।
ग्रामीणों को बताया गया कि ‘साथी’ योजना निराश्रित बच्चों के कानूनी सशक्तीकरण की दिशा में कार्य करती है। महिलाओं, बच्चों, अनुसूचित जाति-जनजाति, हिरासत में लिए गए व्यक्तियों और वार्षिक आय तीन लाख रुपये से कम वाले पात्र लोगों को निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध है।
कार्यक्रम में पैरा लीगल वॉलेंटियर्स निरंजन कुमार, अजय कुमार प्रजापति, सावन कुमार, बैजन्ती देवी, विनोद कुमार महतो एवं विमल राम सहित अन्य लोग मौजूद थेे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश