ईडी के कथित दुरूपयोग के खिलाफ वामदल 29 से करेंगे राज्यव्यापी प्रदर्शन

 


रांची, 28 मई (हि.स.)। माकपा पोलित ब्यूरो सदस्य और विपक्ष के नेता पिनराई विजयन के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई के खिलाफ वामदलों ने आलोचना की है।

इस संबंध में वामदलों ने कहा है कि ईडी की कथित रूप से हो रहे दुरुपयोग के खिलाफ वामदल 29 मई से 01 जून पूरे राज्य भर में प्रदर्शन किया जाएगा।

पार्टी की ओर से कहा गया है कि पिनराई विजयन के घर पर की गई छापेमारी राजनीतिक बदले की कार्रवाई है। भाजपा यह भ्रम न पाले कि इन कार्रवाइयों के जरिए वह पिनराई विजयन, उनके आंदोलन या वामपंथ को कमजोर कर सकती है।

माकपा की ओर से गुरुवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा है पिछले कुछ वर्षों से राजनीतिक विरोधियों को खत्म करने के लिए केंद्रीय एजेंसियों को हथियार बनाना भाजपा की नीतिगत प्रवृत्ति बन गई है। इस कदम के खिलाफ मजबूत विरोध अवश्य उभरेगा।

पिनराई विजयन को निशाना बनाने में भाजपा को कांग्रेस का सहयोग और समर्थन प्राप्त है, इसे भुलाया नहीं जा सकता। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी लगातार केरल आकर यह सवाल उठाते रहे कि पिनराई विजयन को ईडी गिरफ्तार क्यों नहीं कर रही है।

मुख्यमंत्री वीडी सतीशन ने प्रधानमंत्री और केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात के ठीक अगले दिन यह कार्रवाई होना भी इसी संदर्भ में देखा जाना चाहिए। दिल्ली में अरविंद केजरीवाल के खिलाफ कांग्रेस के समर्थन से भाजपा और केंद्रीय एजेंसियों की कार्रवाई भी इसी प्रकार की थी।

पिनराई विजयन को शारीरिक और राजनीतिक रूप से खत्म करने की कोशिश कांग्रेस और भाजपा बारी-बारी से करती रही है। आपातकाल के दौर से लेकर अब तक उनके खिलाफ हुई अनगिनत राजनीतिक प्रतिशोधात्मक कार्रवाइयों का यह नया अध्याय है।

सीएमआरएल से जुड़े किसी भी मामले की किसी भी रूप में जांच करने में कोई आपत्ति नहीं है। लेकिन यह भी स्पष्ट है कि लगातार की जा रही ये कार्रवाइयां राजनीतिक प्रेरणा से संचालित हैं और इस तथ्य की ओर उच्च न्यायालयों ने भी संकेत किया है।

वामदलों ने इस हमले के खिलाफ झारखंड के सभी वर्गों से पूरे राज्य में विरोध प्रदर्शन आयोजित करने का आह्वान किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak