जेबीवीएनएल मजदूरों का नहीं छीना जा सकता अधिकार : देवेंद्रनाथ

 


रांची, 02 नवंबर (हि.स.)। झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (जेबीवीएनएल) में कार्यरत आउटसोर्सिंग मजदूरों की समस्याओं और वैधानिक अधिकारों को लेकर सोमवार को मोरहाबादी स्थित ऑक्सीजन पार्क में बैठक हुई।

बैठक में झारखंड लोक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष देवेंद्रनाथ महतो

ने कहा कि आउटसोर्सिंग व्यवस्था के नाम पर मजदूरों को उनके वैधानिक अधिकारों से वंचित नहीं किया जा सकता। कंपनियों को श्रम कानूनों और निर्धारित प्रावधानों का पालन करना होगा। उन्होंने जेएमडी कंपनी के प्रतिनिधि से फोन पर बातचीत कर मजदूरों की समस्याओं से अवगत कराया। कंपनी के प्रतिनिधि ने नियमानुसार अधिकार और लाभ उपलब्ध कराने की दिशा में कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद श्रम विभाग के अधिकारियों से भी बातचीत की गई। अधिकारियों ने लिखित आवेदन मिलने पर जांच टीम गठित कर आवश्यक कार्रवाई करने की बात कही। महतो ने कहा कि मजदूरों के अधिकारों की रक्षा के लिए आवाज उठाया जाएगा।

उन्होंने सभी कर्मियों से एकजुट होकर शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांगे रखने काे कहा। मौके पर बिजली विभाग के सैकड़ों आउटसोर्सिंग कर्मियों ने अपनी समस्याएं रखीं। बैठक में मजदूरों ने समय पर वेतन भुगतान नहीं होने, काम के अनुसार ग्रेड निर्धारण में पारदर्शिता की कमी, पीएफ और ईएसआई का लाभ, छुट्टी के दिन काम करने पर भुगतान, ओवरटाइम एवं वार्षिक बोनस जैसे मुद्दे उठाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar