इन्फ्लुएंसर एंगेजमेंट पोर्टल का शुभारंभ,डिजिटल पर्यटन प्रचार को मिली नई दिशा

 


रांची, 11 मई (हि.स.)। पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार ने कहा कि झारखंड के पर्यटन स्थलों के प्रचार-प्रसार के लिए बड़े महानगरों के क्रिएटर्स को आमंत्रित किया जा सकता था लेकिन झारखंड की असली पहचान, यहां की सादगी, संस्कृति और लोकजीवन को सबसे बेहतर ढंग से हमारे अपने राज्य के इन्फ्लुएंसर्स ही प्रस्तुत कर सकते हैं।

मंत्री सोमवार को पतरातू स्थित होटल पर्यटन विहार में सोमवार को पर्यटन विभाग, झारखंड की ओर से राज्य स्तरीय इन्फ्लुएंसर मीट 2026’ का सफल आयोजन के दौरान बोल रहे थे।

उन्होंने हमारी कोशिश है कि झारखंड के युवा क्रिएटर्स जब किसी पर्यटन स्थल पर कंटेंट निर्माण करें, तो वे गर्व से कह सकें कि वे झारखंड पर्यटन विभाग के साथ जुड़े हुए हैं। इससे न केवल राज्य की ब्रांडिंग मजबूत होगी बल्कि स्थानीय क्रिएटर्स को भी नई पहचान और अवसर प्राप्त होंगे। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के विजन एवं पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य झारखंड के पर्यटन स्थलों, कला-संस्कृति, विरासत एवं स्थानीय खानपान को डिजिटल माध्यमों से राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी पहचान दिलाना है।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री की ओर से ‘इन्फ्लुएंसर एंगेजमेंट पोर्टल’ का शुभारंभ किया गया। इस पोर्टल के माध्यम से राज्य के कंटेंट क्रिएटर्स एवं इन्फ्लुएंसर्स को पर्यटन विभाग से औपचारिक रूप से जुड़कर कार्य करने का अवसर प्राप्त होगा। यह पहल डिजिटल क्रिएटर्स एवं पर्यटन विभाग के बीच एक सशक्त एवं संरचित साझेदारी स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

इस आयोजन में राज्य के 80 से अधिक प्रमुख सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य झारखंड की प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक विरासत, पर्यटन संभावनाओं एवं स्थानीय पहचान को डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से व्यापक स्तर पर प्रस्तुत करना है।

कार्यक्रम के दौरान इन्फ्लुएंसर्स के साथ संवाद सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें पर्यटन प्रचार, डिजिटल स्टोरीटेलिंग, कंटेंट निर्माण एवं झारखंड की सांस्कृतिक पहचान को वैश्विक मंच तक पहुंचाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

कार्यक्रम में विभागीय सचिव मुकेश कुमार, झारखंड पर्यटन विकास निगम (जेटीडीसी) के प्रबंध निदेशक प्रेम रंजन, महाप्रबंधक राजीव रंजन सहित विभाग के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे