विधानसभा गेट-1 में देर शाम जुटे छात्रों पर लाठीचार्ज, देवेन्द्रनाथ महतो से भी धक्का मुक्की

 




रांची, 10 अगस्त (हि.स.)।

जेपीएससी मुद्दे की बात पर छात्र-अभ्यर्थियों की दिनभर के झारखंड विधानसभा घेराव मार्च के बाद सोमवार देर शाम विधानसभा गेट नंबर-1 के पास जुटे छात्र नेता देवेन्द्रानाथ महतो और आंदोलनकारी छात्रों के बीच पुलिस ने जमकर लाठी चार्ज की। इस दौरान देवेन्द्रनाथ महतो के साथ भी पुलिस की धक्का मुक्की की गई। इससे उत्पन्न तनाव और मची अफरा-तफरी को देखते हुए देवेन्द्रनाथ के समर्थक छात्रों ने उन्हें एंबुलेंस में वापस जयपाल सिंह स्टेडियम की ओर लाने लगे। लेकिन देवेन्द्रनाथ की तबियत खराब होने की बात पर उन्हेंं सदर अस्पताल रांची पहुंचाया गया।

जहां उन्हें सलाईन और अन्य आवश्यक दवाएं देकर इलाज किया जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि देवेन्द्रनाथ महतो पिछले नौं दिनों से भुख हडताल पर है और आज छात्रों के आंदोलन का 17वां दिन है। वहीं दिन में भी छात्रों के मार्च के दौरान पुलिस ने लाठीचार्ज किया था। बावजूद इसके बचते बचाते छात्रों का गुट विधानसभा के गेट नंबर एक तक पहुंचे थे।

जानकारी के अनुसार छात्राें के एक दिवसीय विधानसभा मार्च घेराव कार्यक्रम के बाद छात्र नेता देवेन्द्रनाथ महतो समेत बड़ी संख्या में अभ्यर्थी विधानसभा के गेट नंबर-1 के समीप जुटे थे। कई छात्र अभ्यर्थियों ने बताया कि छात्र अपनी मांगों को लेकर वहीं पर धरना प्रदर्शन करने का मन बना रहे थे। छात्र अभ्यर्थियों ने वहां से नहीं हिलने और वहीं पर आनेवाले समय में मांगे पुरी होने तक धरना देने का कार्यक्रम तय कर रहे थे। इसी बीच पुलिस बल के जवान पदाधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाया-बुझाया, और वहां से हटने को कहा।

पुलिसकर्मियों ने कहा कि पुरा विधानसभा परिसर में निषेधाज्ञा लागू है। आपलोग यहां से चले जाएं।

इसके बाद भी छात्र नहीं हटे तो पुलिस ने बल प्रयोग करते हुए लाठीचार्ज की। छात्रों को विधानसभा गेट के आसपास से खदेड़ा गया।

लाठीचार्ज के दौरान कई छात्र इधर-उधर भागते नजर आए। पुलिस की कार्रवाई के बीच देवेन्द्रनाथ महतो को भी समर्थकों के साथ वहां से हटाया गया। उनके समर्थकों का आरोप है कि पुलिस ने उन्हें धक्का-मुक्की करते हुए लाठीचार्ज की, पीछे हटाया।

घटना के बाद छात्रों और अभ्यर्थियों के बीच नाराजगी देखी गई। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वे जेपीएससी और जेएसएससी की परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सहित विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन जारी रखेंगे।

वहीं, सोमवार की घटना के बाद विधानसभा के आसपास सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को विधानसभा परिसर से दूर किया। लाठीचार्ज के बाद कुछ समय तक मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही। छात्र नेता मनोज कुमार, राधा, देवेन्द्रनाथ महतो सहित अन्य लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई की निंदा करते हुए इसे अभ्यर्थियों के खिलाफ सोची समझी कार्रवाई बताई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar