जंतर-मंतर पर छात्रों पर लाठी चलाना निंदनीय : नूतन

 


रांची, 28 जुलाई (हि.स.)। दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान हुई लाठीचार्ज में घायल छात्रा नूतन कुमारी ने मंगलवार को झारखंड प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में घटना की जानकारी दी। उन्होंने घटना को लेकर केंद्र सरकार और दिल्ली पुलिस की निंदा की। उन्होंने कहा कि अपने अधिकारों और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग कर रहे छात्रों पर जिस तरह लाठियां बरसाई गईं, वह लोकतंत्र के लिए सही नहीं है।

नूतन कुमारी ने कहा कि छात्रों की मांगों का जवाब संवाद से देने के बजाय लाठी और दमन से देना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि उन्हें और कई अन्य छात्रों को चोटें आईं, लेकिन सरकार के किसी प्रतिनिधि ने उनकी सुध तक नहीं ली। यह व्यवहार बताता है कि युवाओं की आवाज से कोई लेना-देना नहीं है।

पैलेट गन का इस्तेमाल करना लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन : राजा

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए छात्रों के गूंज के संयोजक सह महानगर अध्यक्ष

कुमार राजा ने केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि केंद्र को बताना चाहिए कि जंतर-मंतर पर छात्रों के खिलाफ पैलेट गन चलाने का आदेश किसने दिया। छात्रों पर पैलेट गन का इस्तेमाल करना लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है।

उन्होंने कहा कि जिस सरकार को छात्रों की बात सुननी चाहिए थी, वही सरकार उन्हें अपराधियों की तरह पीट रही है। आज देश का युवा रोजगार, शिक्षा और पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था की मांग कर रहा है, लेकिन उसे लाठियों से जवाब दिया जा रहा है। यह लोकतांत्रिक भारत नहीं, बल्कि भय की राजनीति का उदाहरण है।

उन्होंने मांग की कि जंतर-मंतर की घटना की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कराई जाए, बल प्रयोग के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर तत्काल कार्रवाई हो, घायल छात्रों को उचित उपचार और मुआवजा दिया जाए एवं भविष्य में छात्रों के संवैधानिक अधिकारों का सम्मान सुनिश्चित किया जाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak