लातेहार में एक करोड़ से अधिक कीमत की अवैध शराब बरामद

 


लातेहार, 29 मई (हि.स.)। लातेहार पुलिस ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तस्करों के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। जिले के चंदवा थाना क्षेत्र में चलाए गए विशेष वाहन जांच अभियान के दौरान पुलिस ने भूसे की बोरियों के नीचे छिपाकर ले जाई जा रही एक करोड़ से अधिक कीमत की अवैध शराब बरामद की। कार्रवाई में पांच तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि गिरोह का सरगना अब भी फरार है।

शुक्रवार को प्रेस वार्ता करते हुए डीएसपी संदीप कुमार गुप्ता ने बताया कि एसपी कुमार गौरव को गुप्त सूचना मिली थी कि रांची की ओर से एक ट्रक में भारी मात्रा में शराब लातेहार होकर बिहार ले जाई जा रही है। ट्रक के साथ दो छोटी गाड़ियां भी सुरक्षा के लिए चल रही थीं। सूचना मिलते ही एसपी के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर चंदवा थाना क्षेत्र के सासंग मोड़ पर वाहन जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान एक संदिग्ध ट्रक और उसके पीछे चल रही दो गाड़ियों को रोका गया। ट्रक में ऊपर से भूसे की बोरियां लदी थीं। पुलिस को शक होने पर जब बोरियां हटाई गईं तो अंदर शराब की पेटियां देखकर जवान भी दंग रह गए।

वहीं एस्कॉर्ट कर रही दोनों गाड़ियों से भी शराब बरामद हुई। डीएसपी ने बताया कि तीनों वाहनों से कुल 1054 पेटियां बरामद हुई हैं, जिनमें 50 हजार से अधिक शराब की बोतलें थीं। पुलिस ने इस दौरान पांच तस्करों को भी गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपिताें में चंदवा निवासी सूरज कुमार और गौतम कुमार, हेरहंज निवासी छोटू कुमार यादव, हजारीबाग निवासी रामकुमार पांडेय और गिरिडीह निवासी प्रकाश कुमार रवानी शामिल हैं।

डीएसपी ने बताया कि पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि शराब हरियाणा से लाई जा रही थी और बिहार में खपाने की तैयारी थी। डीएसपी ने बताया कि गिरोह का सरगना रंजीत यादव फिलहाल फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव कुमार